img-fluid

‘अब चुनाव नहीं, इंकलाब होगा’, जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंचे आजम खान

November 19, 2026

रामपुर। समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जेल (Dasna Jail) से रिहा होने के बाद रामपुर (Rampur UP) स्थित अपने आवास पहुंचे। घर पहुंचने पर समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। इस दौरान ‘आजम खान जिंदाबाद’ और ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ के नारे गूंजते रहे।

रिहाई के बाद आजम खान ने राजनीतिक हालात, भाजपा, जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अब चुनाव जाति और धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि मुद्दों पर लड़े जाने चाहिए। अपने अंदाज में उन्होंने कहा, ‘चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा।’

रामपुर स्थित आवास पर मीडिया से चर्चा के दौरान आजम खान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का सफाया हो चुका है। उन्होंने लोकसभा और विधान परिषद चुनाव के परिणामों का हवाला देते हुए दावा किया कि भाजपा ने जिन सीटों पर जीत हासिल की, वे भी गलत तरीकों से जीती गईं।



  • संवैधानिक संस्थाओं की साख पर उठाए सवाल

    आजम खान ने संविधान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके जैसे लोग संविधान के लिए जान देने को तैयार हैं। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं से अपनी प्रतिष्ठा में आ रही गिरावट स्वीकार करने और साख बचाने की अपील की।

    अपने खिलाफ हुई कार्रवाई और माफिया कहे जाने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या वह माफिया हैं? उन्होंने कहा कि उन्होंने बच्चों के लिए स्कूल खोले और विश्वविद्यालय स्थापित किया। यदि उनके जैसे व्यक्ति को माफिया कहा जा सकता है, तो यह सोचने का विषय है।

    जांच एजेंसियों पर तंज कसते हुए आजम खान ने मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी जैसे मामलों का जिक्र किया। उन्होंने व्यंग्य किया कि यदि ऐसे मामलों में लोगों को ईडी का दोषी माना जा सकता है, तो वह भगवान से दुआ करेंगे कि हर गली में ऐसा मुर्गी चोर हो, जो विश्वविद्यालय स्थापित कर सके।

    उन्होंने शिक्षाविद् मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि उनके समय में ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण जैसी संस्थाएं होतीं, तो शायद उन्हें भी जेल जाना पड़ता और वे विश्वविद्यालय स्थापित नहीं कर पाते।

    अखिलेश यादव ने रिहाई का किया स्वागत

    आजम खान की रिहाई पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुशी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि आजम खान की रिहाई से न्याय पर भरोसा मजबूत हुआ है। अखिलेश ने टिप्पणी की कि जब जुल्म और ज्यादती हद पार कर जाती है, तो समझ लेना चाहिए कि सत्ता में बैठे लोगों का अंत करीब है।

    मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिली अंतरिम जमानत

    आजम खान को एक नवंबर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की डासना जिला जेल भेज दिया गया था।

    इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को मामले में उन्हें अंतरिम जमानत दी थी। बुधवार को उनके वकीलों ने गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में रिहाई का आवेदन प्रस्तुत किया। अदालत ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानती बॉन्ड जमा कराने की शर्त पर रिहाई का आदेश जारी किया। मामले में अगली सुनवाई के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 10 दिसंबर की तारीख तय की है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved