
इंदौर। बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के द्वारा कल गुरुवार को प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन शहर में 22 स्थान पर एक साथ एक ही समय पर होगा। इस प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा शक्कर की बढ़ती कीमत, पेट्रोल में एथेनॉल डालना और गैस की टंकी के भाव है। बिजली के दरों में वृद्धि का भी कांग्रेस के द्वारा विरोध किया जा रहा है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि शक्कर की कीमत में ₹३० से ३५ प्रति किलो की वृद्धि ने आम नागरिकों की कमर तोड़ दी है। इसके कारण शक्कर की कीमत आसमान पर पहुंच गई है। त्योहार के समय पर शक्कर की कीमत बढ़ जाने के कारण मिठाई मुश्किल हो गई है। रक्षाबंधन के त्योहार पर बहने अपने भाई का मुंह कैसे मीठा करा पाएंगी। जनता के विरोध से बचने के लिए सरकार के द्वारा आज दिखाने के लिए शक्कर की कीमत में थोड़ी सी कमी करवाई गई है। इस तरह की मामूली कमी से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। अब गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष फिर नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहार भी शक्कर की महंगाई की मार के शिकार होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का फैसला लिए जाने के कारण गाड़ियां बिगड़ने लगी है। गाड़ियों का एवरेज बिगड़ गया है। अब गाड़ी लेकर काम करने वाले नागरिकों को गाड़ी की मरम्मत में ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ेगा। बिजली की कीमत में सरकार ने इतनी वृद्धि कर दी है कि आप बिजली का बिल करंट मारने लगा है। बिजली कंपनी के लापरवाही से जो बिजली चोरी होती है उसका बिल उन लोगों से वसूलना शुरू कर दिया गया है जो की इमानदारी से हर महीने बिजली का बिल जमा करते हैं।
चौकसे ने बताया कि गैस सिलेंडर की कीमत तो आसमान को छू रही है। यह कीमत इतनी ज्यादा बढ़ गई है की आम आदमी के लिए गैस का सिलेंडर लेना भी मुश्किल हो गया है। अपने घर में भोजन बनाने के लिए गैस के सिलेंडर का उपयोग किया जाता है। अब यह सिलेंडर इतना महंगा हो गया है कि व्यक्ति इसका उपयोग करने में भी सोचने लगा है। इन सब स्थितियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार इंदौर शहर कांग्रेस के द्वारा कल 27 अगस्त को महंगाई विरोधी आंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन इंदौर शहर में कांग्रेस के सभी 22 ब्लॉक में किया जाएगा। कांग्रेस के सभी पदाधिकारी अपने-अपने निवास वाले क्षेत्र के ब्लॉक में या फिर अपने विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक में इस आंदोलन में शामिल होंगे। यह आंदोलन सुबह 10:00 बजे एक साथ सभी स्थानों पर होगा।
उन्होंने बताया कि यह आंदोलन चंदा नगर पेट्रोल पंप, बाणगंगा पेट्रोल पंप के पास, योजना क्रमांक 51 में पुलिस चौकी के पास, एरोड्रम के 60 फीट रोड पर पब्लिक स्कूल के पास, मंगल नगर में आम वाला चौराहा, परदेसी पुरा चौराहा, स्कीम नंबर चोपन में पावर हाउस के पास, रोबोट चौराहा, योजना क्रमांक 74 में टेंपो स्टैंड, छावनी चौराहा, हरसिद्धि मंदिर रोड, राजवाड़ा पुलिस चौकी, मानिक बाग रोड पुलिस चौकी गंगवाल बस स्टैंड, महू नाका, फूटी कोठी चौराहा, तिलक नगर में बैंक के पास, गीता भवन, एमआईजी थाना के पास, मुसाखेड़ी टेंपो स्टैंड चौराहा, सिलिकॉन सिटी के गेट पर तथा तेजाजी नगर चौराहा पर होगा। इनमें से हर स्थान पर आंदोलन की जिम्मेदारी के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved