
इंदौर। इंदौर में चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। हादसे के दौरान कार चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गया। मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने अपनी जान की परवाह किए बिना कार का कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला। पुलिसकर्मियों ने घायल को तत्काल सीपीआर देते हुए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
दरअसल इंदौर के चोइथराम मंडी के पास यह हादसा उस वक्त हुआ, जब एक चलती रिट्स कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण कार चला रहा युवक वाहन के अंदर ही फंस गया और बुरी तरह झुलस गया। सूचना और मौके की स्थिति को देखते हुए यातायात थाना जोन-4 के प्रभारी सुमित बिलोनिया अपनी टीम के साथ तत्काल पहुंचे। जहां आरक्षक विजय, प्रधान आरक्षक कमल और एएसआई जे.पी. तिवारी के साथ मिलकर कार का कांच तोड़ा और अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने मौके पर प्राथमिक स्तर पर सीपीआर देकर घायल की जान बचाने का प्रयास किया। इसके बाद लोडिंग रिक्शा की मदद से घायल को तत्काल चोइथराम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक जांच के दौरान चालक के करीब 40 प्रतिशत तक झुलसने की जानकारी सामने आई है। गंभीर हालत में उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कार के अंदर रखे कुछ नोट भी आग की चपेट में आकर जल गए। वहीं, यातायात पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में लगी आग को भी बुझाया। वहीं इस घटना के बाद यातायात डीसीपी ने थाना प्रभारी सुमित बिलोनिया सहित पूरी टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved