
इंदौर। इंदौर शहर आए दिन मारपीट और विवाद के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते है। वही पुलिस भी वायरल वीडियो की जांच कर कार्रवाई करती है। एसा ही एक वीडियो पलासिया थाना क्षेत्र से सामने आया है, जिसमें सिटी बस के कंडक्टर और उसके दो साथियों द्वारा एक यात्री के साथ मारपीट की जा रही है। मामले में पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा मारपीट का यह वीडियो पलासिया चौराहे का बताया जा रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी नीति दंडोतिया ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ित को थाने बुलाकर घटना के संबंध में जानकारी ली। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह दोपहर में सिटी बस से पलासिया से विजयनगर गया था, जिसके लिए उसने 10 रुपये किराया दिया था शाम को जब वह विजयनगर से पलासिया वापस आया तो उससे 15 रुपये किराया मांगा गया किराए को लेकर विरोध करने पर सिटी बस के कंडक्टर निहाल धाकड़ और उसके दो साथियों सुनिल चौहान व महेश चौहान ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर पलासिया थाना पुलिस ने कंडक्टर निहाल धाकड़ और उसके दोनों साथियों सुनिल चौहान व महेश चौहान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, धाराएं जमानती होने के चलते तीनों आरोपियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved