
कैट के पीछे अवैध कॉलोनी काटने की भी शिकायतें मिली, अमला मौके पर पहुंचा
इंदौर। सिरपुर तालाब (Sirpur Lake) की चैनल बंद (Blocking Channel) कर वहां सडक़ (Road) बना दी गई और खाली पड़ी कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनी (Illegal Colony) काटने की तैयारी की जा रही थी। आज सुबह नगर निगम का रिमूवल अमला अफसरों के साथ मौके पर पहुंचा और चैनल पर बनाई गई सडक़ खोद दी गई और उसके साथ ही वहां अवैध रूप से किए जा रहे अन्य निर्माण भी हटाए जाने की तैयारी है।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक कैट के पीछे सिरपुर गांव क्षेत्र में खाली पड़ी कृषि भूमि के पास से बरसों पुरानी सिरपुर तालाब की मुख्य चैनल थी और पिछले दिनों उस चैनल पर धीरे-धीरे कब्जा किया जाने लगा और फिर बाद में कुछ लोगों ने चैनल को पूरी तरह बंद कर उस पर सडक़ बना दी। नगर निगम के अधिकारियों की टीम जब वहां पड़ताल करने पहुंची तो तालाब के चैनल पर सडक़ बनी देख अफसरों का माथा ठनका और अधिकारियेां को पूरा मामला बताया। इस पर निगम अधिकारियों की टीम आज सुबह वहां कब्जे हटाने पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक तालाब की चैनल पर बनाई गई सडक़ और अन्य कब्जे जेसीबी की मदद से हटा दिए गए। अधिकारियों ने जब लोगों से कॉलोनाइजर के बारे में पूछा तो किसी रघुवंशी नामक व्यक्ति का नाम बताया गया। खाली कृषि भूमि पर अवैध रूप से गोदाम और कुछ अन्य निर्माण भी किए गए है, जिसको लेकर नगर निगम की टीम अफसरों के साथ पड़ताल कर कार्रवाई करने की तैयारी में है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved