
अमेरिका से लौटे महापौर ने अग्निबाण को बताया, एयरपोर्ट से सीधे बिजासन मंदिर पहुंचे
इंदौर। बीते दो हफ्तों से अमेरिका (US) की यात्रा पर गए महापौर पुष्यमित्र भार्गव (Mayor Pushyamitra Bhargav) आज सुबह इंदौर (Indore) पहुंचे जहां पर स्थानीय भाजपा (BJP) नेताओं ने उनका स्वागत किया और फिर वे बिजासन मंदिर पहुंचे, जहां दर्शन के बाद अभी नवरात्रि में श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा ना हो इसके निर्देश अधिकारियों को दिए, वहीं अग्निबाण से फोन पर चर्चा करते हुए महापौर ने कहा कि इंदौर को एआई हब बनाने के प्रयास किए जाएंगे और नगर निगम के कामकाज में भी इसके इस्तेमाल के लिए पॉलिसी तैयार कर लागू की जाएगी, क्योंकि आने वाला समय एआई का ही है। वहां की दो निगमों की उन्होंने स्टडी भी की है।
भागर्व ने बताया कि अमेरिका दौरे के दौरान उनकी कई एआई विशेषज्ञों से चर्चा हुई और उन्होंने बॉस्टन और ऑरेंजी काउंटी की निगमों की जानकारी भी ली, जहां पर एआई का सबसे अच्छा इस्तेमाल किया जा रहा है। इंदौर नगर निगम में भी किस तरह से एआई को अपनाया जाए। विशेषज्ञों की मदद से पॉलिसी तैयार कर यह प्रयास रहेंगे कि उनके कार्यकाल में ही इस पर अमल भी हो सके। साथ ही शासन को भी एआई को लेकर विस्तृत प्रोजेक्ट बनाकर भेजा जाएगा, ताकि इंदौर को एआई हब बनाया जा सके। अमेरिका सहित दुनियाभर में तो एआई पर काम हो रहा है अब देश में भी इसे अपनाए जाने की जरूरत है। लगभग दो सप्ताह के विदेश प्रवास से लौटे महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर पहुंचते ही आगामी नवरात्रि पर्व की तैयारियों का जायजा लिया। एयरपोर्ट से सीधे बिजासन टेकरी पहुंचे महापौर ने मां बिजासन माता मंदिर में दर्शन किए और मंदिर परिसर में नवरात्रि के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। नवरात्रि के दौरान बिजासन माता मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए महापौर ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की आवाजाही, मेले की व्यवस्थाओं सहित नगर निगम की ओर से की जाने वाली तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन के सदस्यों से चर्चा कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved