भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश राजनीति

कमलनाथ ने की भाजपा कार्यकर्ताओं की तारीफ, कांग्रेसियों को दी नसीहत

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (State Congress Headquarters) के सभाकक्ष में आज प्रदेश कांग्रेस पंचायती राज संस्था प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक मैं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Former Chief Minister Kamal Nath) ने पंचायती राज प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा की जो यहां ग्रामीण क्षेत्रों से आए हुए प्रतिनिधि बैठे हुए हैं, वे कांग्रेस की मजबूत नींव है ।
अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भाजपा कार्यकर्ताओं से सीखें कि चुनाव कैसे लड़ें और पार्टी का काम करने के लिए कैसे पहल करें। शुक्रवार को भोपाल में पार्टी कार्यालय में राज्य इकाई के पंचायती राज संस्था प्रकोष्ठ को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस के चुनाव हारने का एकमात्र कारण यह है कि उसके कार्यकर्ताओं को काम करने के लिए कहना पड़ता है। भगवा पार्टी के साथ ऐसा नहीं है।

क्योंकि यह सब जमीन से जुड़े हुए हैं। आज की राजनीति में बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है पहले जो राजनीति हुआ करती थी उसमें और आज की राजनीति में बहुत अंतर है। पहले हम गांव जाते थे तो कहते थे कि यह घर कांग्रेस का है लेकिन आज ऐसा नहीं है। आप सभी को गांव गांव जाकर जिम्मेदारी निभाना है। आज भाजपा के पास कहने के लिए कुछ नहीं है और करने के लिए भी कुछ नहीं है। भाजापा महंगाई, बिजली, बेरोजगारी की समस्या पर बात नहीं करती, ध्यान मोड़ने की राजनीति करती है। जब 2013 के चुनाव में मोदी जी ने दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, किसको रोजगार मिला, 2019 के चुनाव में न किसानों की बात की न रोजगार की बात की, वे राष्ट्रवाद की बात करने लगे, पाकिस्तान की बात करने लगे। प्रदेश में 18 साल से शिवराज की सरकार है, 20,000 से अधिक घोषणाएं की सब की सब अधूरी पड़ी है। खंभों में तार नहीं तार में बिजली नहीं। यह हमसे कहते हैं 70 साल का हिसाब दो। मैं तो कहता हूं, मोदी जी आप जिस स्कूल में पढ़े हैं, वह भी कांग्रेस की ही देन है। शिवराज जी जिस स्कूल में पढ़े वह भी कांग्रेस की ही देन है।



श्री नाथ ने कहा अब आप लोगों की बारी है, आप लोग इस बात का इंतजार ना करें कि कब प्रदेश कांग्रेस के निर्देश जारी होंगे, कब कोई मुझसे बोले कि आप यह करें, आपको खुद ही आगे बढ़ कर अपनी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा आप सबके सामने सच्चाई है, आप सबके सामने बहुत बड़ी चुनौती है। देश की संस्कृति को बचाने की चुनौती है, देश के भविष्य को बचाने की चुनौती है, देश आज एक झंडे के नीचे खड़ा है क्योंकि हमारे देश की संस्कृति लोगों को जोड़ने की, रिश्ता जोड़ने की, दिल जोड़ने की संस्कृति है। जो सत्ता में बैठे हैं उनके द्वारा आज उसी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। धर्म के आधार पर भाषा के आधार पर बांटने की राजनीति की जा रही है । आज यह बहुत बड़ा प्रश्न है कि हम किस रास्ते पर चल रहे हैं हमें समझने की जरूरत है। आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा आप सबको करना है, देश की संस्कृति की रक्षा करना है। हमारे सामने बहुत बड़ी चुनौती है। हमारे संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है।

हमारा संविधान पूरे विश्व का सबसे अच्छा संविधान है। लेकिन यदि यह संविधान गलत हाथों में चला गया तो देश का भविष्य क्या होगा, नौजवानों का भविष्य क्या होगा । हमने कृषि क्षेत्र आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, आगे भी कर्जा माफ करने की हमारी योजना थी, लेकिन बीजेपी ने बीच में ही हमारी सरकार सौदेबाजी की राजनीति करके गिरा दी। मैने सौदेबाजी नहीं की, मेरा प्रण था कि मैं सौदेबाजी की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा । पंचायत चुनाव को लेकर मैंने आरक्षण व्यवस्था लागू की ओबीसी को 27% आरक्षण दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा कर ओबीसी का हक छीनने का काम किया।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि मूल रूप से भाजपा एवं कांग्रेस के विचारों में अंतर है। कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी के विचारों पर चलती है और भाजपा सत्ता का केंद्रीकरण करती है । राजीव गांधी ने पंचायती राज का सपना संजोया। 73– 74 वे संविधान में संशोधन कर पंचायती राज की स्थापना की गई। मध्यप्रदेश में मेरे कार्यकाल में पहली बार पंचायती राज के चुनाव हुए जिसमें जनपद अध्यक्ष सरपंच जिला जनपद अध्यक्ष बनाए गए , ताकि ग्रामीण क्षेत्र में विकास हो सके, गांव के लोगों को उनका हक मिल सके। उन्होंने कहा कि चुनाव नियत, नीति और मानसिकता पर निर्भर करता है। भाजापा आज पंचायत के चुनाव नहीं होने देना चाहते हैं। ओबीसी आरक्षण को खत्म कर देना चाहती है, आने वाले समय में अजा और अजजा वर्ग के आरक्षण को भी खत्म कर देने की उनकी योजना है। जब-जब सत्ता में भाजपा आती है, भ्रष्टाचार बढ़ जाता है और यह लोगों का ध्यान बांटने के लिए हिंदू मुसलमान करने लगते हैं। बीजेपी धर्म की आड़ लेकर लोगों को हो रही समस्याओं से ध्यान हटाने का काम कर रही हैं। झूठ बोलने, गुमराह करने में भाजपा से बड़ा कोई पहलवान नहीं है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि पंचायती राज की शुरुआत कांग्रेस ने ही की थी। भाजपा दोमुंही बातें करती है, जो बोलती है वह करती नहीं , उनकी कथनी और करनी में अंतर है। झूठ बोलना और नारे लगाना भाजापा का काम है, 15 महीने में कमलनाथ सरकार ने जो काम किए वह प्रदेश की जनता के सामने है।

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि जिला, जनपद अध्यक्ष, सरपंचों की जिम्मेदारी छीन कर सचिव सह सचिव को मालिक बना दिया गया है। भ्रष्टाचार चरम पर है सचिव, सह सचिव भ्रष्टाचार करता है नोटिस सरपंच को मिलता है यह चल रहा है आज की बीजेपी की त्रिस्तरीय पंचायती राज में। पंचायत चुनाव में हमें आपस में नहीं लड़ना है हमें भाजपा से लड़ना है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक कमलेश्वर पटेल ने कहा कि गांवों का विकास पंचायतों के माध्यम से होता है। कांग्रेस सरकार ने 73–74 वा संविधान में संशोधन कर पंचायतों को अधिकार संपन्न बनाया और पंचायतों में तेजी से विकास की शुरुआत हुई गांव में। जो काम अधिकारी, कर्मचारी करते थे , पंचायती राज से ग्रामीण लोगों की पूछ परख बड़ी। बीजेपी ने ओबीसी के अधिकार छीनने का काम किया, चुनाव से वंचित किया। कांग्रेस सरकार में पंचायतों में गौशाला में बनाई गई, यह सब कांग्रेस की ही देन है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने भाजपा को कोसते हुए कहा कि भाजपा ने सत्ता हवस और अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के अलावा कुछ नहीं किया है। कांग्रेस ने विकेंद्रीकरण की राजनीति कर पंचायतों को सुदृढ और मजबूत बनाया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगो को अधिकार मिले।

Share:

Next Post

MP पर मंडराया आतंकी साया ! आतंकी संगठनों ने मिलाया हाथ, खुफिया एजेंसियां अलर्ट

Sat May 21 , 2022
भोपाल । मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में बड़ा आतंकी खतरा (terrorist threat) मंडरा रहा है. खुफिया खबर है कि आतंकी संगठन आपस में मिल गए हैं. सिमी, जेएमबी, सूफ़ा (SIMI, JMB, SUFA) समेत कई आतंकी संगठनों (terrorist organizations) ने अपना महागठबंधन बना लिया है और इनकी नजर मध्य प्रदेश पर है. इनके साथ एमपी में […]