उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

महाशिवरात्रि..कल रात ढाई बजे खुलेंगे महाकाल मंदिर के पट

  • 44 घंटे निरंतर चालू रहेंगे-महाशिवरात्रि पर इस बार सुबह साढ़े 4 बजे से दर्शन होंगे शुरू

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में 18 फरवरी को महाशिवरात्रि पर दूल्हा बने भगवान महाकाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को सुबह साढ़े 4 बजे से प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए कल 17 फरवरी की रात ढाई बजे से मंदिर के पट खोल दिए जाएँगे और यह 19 फरवरी की रात तक सतत खुले रहेंगे। महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियां करीब-करीब पूरी हो चुकी है। इस बार करीब 10 लाख भक्तों के आने का अनुमान लगाकर तैयारियां की गई है। गत वर्ष से करीब 3 गुना श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए इस बार महाशिवरात्रि पर भगवान के दर्शनों का सिलसिला एक घंटे पहले शुरू करने का निर्णय हुआ है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक महाशिवरात्रि हेतु कल 17 फरवरी की रात ढाई बजे से मंदिर के पट खोल दिए जाएँगे। रात में महानिशाकाल का पूजन होगा। इसके बाद भस्मारती होगी और फिर अलसुबह साढ़े 4 बजे से भक्तों का मंदिर में प्रवेश कर दिया जाएगा। कुल मिलाकर महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर के पट 17 फरवरी की रात ढाई बजे से लेकर 19 फरवरी की रात 11 बजे तक सतत 44 घंटे खुले रहेंगे।



19 फरवरी को अलसुबह सजेगा सेहरा
वर्ष में एक बार महाशिवरात्रि के दूसरे दिन भगवान महाकाल की प्रतिदिन तड़के साढ़े 4 बजे होने वाली भस्मारती 19 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगी। इस दिन तड़के भगवान का सेहरा सजाया जाएगा। इसमें सवा मन फूलों और फलों से भगवान का सेहरा सजेगा और इसके बाद सेहरा दर्शन शुरू हो जाएँगे। सुबह 10 बजे तक भक्त भगवान महाकाल के सेहरा सजे स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे और उसके बाद दोपहर की भस्मारती की तैयारी शुरू हो जाएगी। 12 बजे भस्मारती होगी और शाम साढ़े 4 बजे से एक बार फिर भक्तों को भगवान के दर्शन के लिए प्रवेश आरंभ कर दिया जाएगा।

Share:

Next Post

अग्निबाण सुझाव: कुबेरेश्वर धाम आयोजन की अनुमति तत्काल रद्द की जाए

Fri Feb 17 , 2023
पूरे देश में इस आयोजन के रद्द होने की सूचना प्रसारित की जाए भोपाल। यदि मप्र सरकार सीहोर में कोई बहुत बड़ा हादसा टालना चाहती है तो सीहोर के कुबेरेश्वर धाम पर कथा व रूद्राक्ष वितरण के आयोजन की अनुमति तत्काल रद्द की जाए। जिस सोशल मीडिया के जरिये इस आयोजन के आमंत्रण भेजे गये […]