देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज (Maharishi Devaraha Baba Medical College) में चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली गंभीर लापरवाही (Gross Negligence) सामने आई है। यहां हाथ में फ्रैक्चर का इलाज कराने पहुंची छह वर्षीय बच्ची के टूटे हुए दाहिने हाथ की बजाय कर्मचारियों ने उसके बाएं हाथ पर प्लास्टर (plaster.) चढ़ा दिया। परिजनों की शिकायत के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में गलती सुधारनी पड़ी।
इसके बाद बच्ची को उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हड्डी रोग विशेषज्ञ ने जांच के बाद दाहिने हाथ में प्लास्टर लगाने का निर्देश दिया। आरोप है कि प्लास्टर रूम में मौजूद कर्मचारी बच्ची को अंदर ले गए और दाहिने हाथ की जगह उसके बाएं हाथ में प्लास्टर चढ़ा दिया।
कुछ देर बाद जब बच्ची की मां की नजर प्लास्टर पर पड़ी तो वह हैरान रह गईं। उन्होंने तुरंत अस्पताल प्रशासन से शिकायत करते हुए नाराजगी जताई। मामला सामने आते ही मेडिकल कॉलेज में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शिकायत के बाद अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। बच्ची के बाएं हाथ पर चढ़ाया गया प्लास्टर काटा गया और फिर उसके फ्रैक्चर वाले दाहिने हाथ में सही तरीके से प्लास्टर लगाया गया।
इस मामले पर मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्र ने बताया कि बच्ची के हाथ में गलत प्लास्टर लगाए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए और त्रुटि को तुरंत सुधारा गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और मरीजों के परिजनों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved