बड़ी खबर राजनीति

मिशन 2024: UP में क्लीन स्वीप की नजर, 14 सीटों पर जीत के लिए BJP ने उतारे ये चार मंत्री

नई दिल्‍ली। 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिशन क्लीन स्वीप (mission clean sweep) के लिए भाजपा ने पिछले चुनाव में हारी 14 सीटों पर जीत दिलाने की जिम्मेदारी चार केंद्रीय मंत्रियों (Union Ministers) को सौंपी है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, अश्विनी वैष्णव, जितेंद्र सिंह और अन्नपूर्णा देवी को अलग-अलग सीटों का प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा दक्षिण के चार राज्यों तेलंगाना(Telangana), केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन के लिए विशेष रणनीति बनाने का जिम्मा सह संगठन महासचिव शिवप्रकाश(Shiv Prakash) को सौंपा गया है।

तोमर को प्रदेश की पांच हारी हुई सीटों रायबरेली, घोसी, श्रावस्ती, अंबेडकरनगर और मऊ की जिम्मेदारी दी गई है। जितेंद्र सिंह को मुरादाबाद, मैनपुरी और अमरोहा, वैष्णव को बिजनौर, नगीना और सहारनपुर की जिम्मेदारी दी गई है। अन्नपूर्णा देवी को जौनपुर, लालगंज और गाजीपुर में जीत दिलाने का जिम्मा मिला है। ये केंद्रीय मंत्री न सिर्फ अगले आम चुनाव तक इन सीटों पर लगातार कार्यक्रम करेंगे, बल्कि जीत के लिए संगठन को जरूरी सुझाव भी देंगे।



यूपी में क्लीन स्वीप पर नजर
उत्तर प्रदेश में हालिया लोकसभा उपचुनाव में रामपुर और आजमगढ़ में मिली ऐतिहासिक जीत से पार्टी उत्साहित है। सूबे की अधिक से अधिक सीटें जीतने के लिए पार्टी की योजना कार्यकर्ताओं को लगातार व्यस्त रखने की है। इस समय बसपा के दस, सपा के पास तीन और कांग्रेस के पास एक सीट है। बीते विधानसभा चुनाव में बसपा और कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। ऐसे में पार्टी को उम्मीद है कि इन सीटों पर ताकत लगाकर बड़ी जीत हासिल की जा सकती है।

अन्य राज्यों की भी जिम्मेदारी तय
पार्टी ने उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त कुछ अन्य राज्यों की सीटों पर भी केंद्रीय मंत्रियों को मोर्चे पर लगाया है। गजेंद्र सिंह शेखावत को पंजाब की आनंदपुर साहिब, मनसुख मंडाविया को लुधियाना, संगरूर और हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट की जिम्मेदारी मिली है। भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र में बुलढाणा और औरंगाबाद, निर्मला सीतारमण को बारामती का जिम्मा मिला है।

प्रह्लाद सिंह पटेल को मध्यप्रदेश की रायगढ़, झारखंड की गिरिडीह, गिरिराज सिंह को मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा, छत्तीसगढ़ की कोरबा सीट, अश्विनी चौबे को केरल की त्रिशूर, जनरल वीके सिंह को तमिलनाडु की कन्याकुमारी, शिवगंगा, वेल्लोर, महेंद्र नाथ पांडेय को तेलंगाना की नलगोंडा, महबूब नगर और कुरनूल तो पुरुषोत्तम रुपाला को तेलंगाना की आदिलाबाद, पेडापल्ली, मेंढक व जाहिराबाद सीट की जिम्मेदारी मिली है।

Share:

Next Post

आंध्र प्रदेश की गोदावरी नदी ने तोड़ा 16 साल का रिकॉर्ड, भीषण बाढ़ में डूबे ओडिशा के कई गांव

Sun Jul 17 , 2022
अमरावती/कोयंबटूर। गोदावरी नदी (Godavari River) में आई भीषण बाढ़ के कारण आंध्र प्रदेश के छह जिलों में 20 लाख से अधिक लोगों का जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। राजामहेंद्रवरम (Rajamahendravaram) के समीप दोवालेस्वरम में सर आर्थर कॉटन बांध में जलस्तर शनिवार रात 25.60 लाख क्यूसेक के पार चला गया, अभी इसके और बढ़ने […]