इंदौर न्यूज़ (Indore News)

22 जून के बाद इंदौर में आ सकता है मानसून

केरल में देरी के कारण इंदौर में भी लेट होगा, इस बार सामान्य से कम बारिश की आशंका

इंदौर। जून (June) की शुरुआत हो चुकी है और 1 जून को केरल से देश में मानसून (Monsoon) का प्रवेश हो जाता है, लेकिन इस बार केरल में मानसून लेट है। संभावना जताई जा रही है कि 4 जून के बाद मानसून केरल पहुंचेगा। इसे देखते हुए इंदौर में भी मानसून की आमद देरी से होगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इंदौर में मानसून का प्रवेश 22 जून के बाद हो सकता है, जबकि इंदौर में मानसून के प्रवेश का सामान्य समय 18 जून है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ए.के. शुक्ला (Senior meteorologist A.K. shukla) ने बताया कि इस बार मानसून को प्रभावित करने वाले कई कारण हैं। जिनके कारण मानसून लेट चल रहा है। देश में प्रवेश देर से होने से इसका इंदौर में प्रवेश भी देरी से होगा और संभावना है कि जून के चौथे सप्ताह में मानसून इंदौर पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि मानसून के प्रवेश के लिए जिस तरह की परस्थितियां बननी चाहिए वैसी परिस्थितियां भी नजर नहीं आ रही हैं। जैसे मानसून से पहले हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिमी हो जाती है, लेकिन पिछले कई दिनों से हवा उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी चल रही हैं।


कमजोर रहेगा इस साल मानसून

शुक्ला ने बताया कि इस साल मानसून का शुरुआती दौर कमजोर रहने की संभावना है। इसका एक बड़ा कारण यह है कि प्री-मानसून के समय जिस तरह की तेज गर्मी पडऩा चाहिए, वैसी गर्मी इस बार नहीं पड़ी है। इसमें अल नीनो के साथ ही नार्थ एशिया और यूरोप में बर्फ के क्षेत्र का कम होना और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी में तापमान के अंतर से मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश देखने को मिल सकती है।

मौसम खुला, दिन और रात का तापमान बढ़ा

शहर में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ रहने के कारण तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी का दौर नजर आने लगा है। कल दिन में तेज धूप के बाद दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम, लेकिन परसों की अपेक्षा 1 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम, लेकिन परसों रात की अपेक्षा 2.4 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवा चली, जिसकी अधिकतम गति 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।

43 साल पहले इंदौर में जून में हुई थी 17 इंच बारिश

जून में अधिकारिक रूप से देश में मानसून के आगमन के साथ बारिश की शुरुआत हो जाती है। इंदौर में जून मध्य के बाद मानसून आने के कारण मानसून के अन्य महीनों की अपेक्षा जून में बारिश थोड़ी कम होती है, लेकिन अब तक 43 साल पहले 1980 में इंदौर में जून माह में बारिश का आंकड़ा 17 (16.9) इंच तक पहुंचा था। वहीं जून माह में 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश का रिकार्ड 2003 को बना था, जब 23 जून 2003 को 5 इंच बारिश हुई थी। जून में अधिकतम तापमान का रिकार्ड 32 साल पहले 1991 में 3 जून को 45.8 डिग्री सेल्सियस के रूप में बना था, वहीं सबसे कम तापमान का रिकार्ड 65 साल पहले 12 जून 1958 को 18.9 डिग्री के रूप में दर्ज है।

एक नजर पिछले 10 सालों में जून पर

वर्ष      मानसून तारीख    वर्षा

2013      10 जुलाई      13.5 इंच

2014      10 जुलाई      0.02 इंच

2015      14 जुलाई      4.9 इंच

2016      21 जुलाई      4.2 इंच

2017      26 जुलाई      8.6 इंच

2018      27 जुलाई      5.5 इंच

2019      25 जुलाई      4 इंच

2020      15 जुलाई      4.9 इंच

2021      11जुलाई 2.9 इंच

2022      17 जुलाई      4.9 इंच

(जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के आंकड़े इंच में)

Share:

Next Post

गौरव दिवस पर भोपाल में छुट्टी का ऐलान

Thu Jun 1 , 2023
शहीदों को नमन कर मुख्यमंत्री ने भोपाल गेट पर फहराया झंडा… भोपाल। भोपाल गौरव  दिवस (Bhopal Pride day) पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj) ने भोपाल गेट पर सुबह झंडावंदन करते हुए  अगले वर्ष से भोपाल में 1 जून को शासकीय अवकाश  की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चूंकि […]