
खरगोन। खरगोन (Khargone) जिले के पाडल्या में मामूली लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपी शानू खान (Shanu Khan) ने 15 वर्षीय किशोर सोहन बंजारे की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद भड़की हिंसा में आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सीने पर प्रहार और गर्दन पर रखी लात
पुलिस के अनुसार, विवाद सुबह करीब 11 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी शानू ने सोहन को जमीन पर पटककर उसकी छाती पर कोहनियों से ताबड़तोड़ वार किए। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपी ने किशोर की गर्दन पर लात रखकर उसे दबाया। हमले के बाद सोहन को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस छावनी में तब्दील पाडल्या
हत्या की खबर फैलते ही नगर में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर में आग लगा दी। बिगड़ते हालात देख पाडल्या का साप्ताहिक बाजार और नगर के सभी प्रतिष्ठान बंद करवा दिए गए। मौके पर बड़वाह एसडीओपी अर्चना रावत, एएसपी शकुंतला रुहल सहित भारी पुलिस बल स्थिति को संभालने में जुटा है।
आरोपी गिरफ्तार
करही थाना प्रभारी राजेंद्र इंगले ने बताया कि पुलिस ने हत्या की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी शानू खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved