
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में विधानसभा चुनावों (assembly elections) को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस (BJP and Congress) ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इस चुनाव में जीत हासिल करने के लिए दोनों दलों का फोकस इस बार युवा वोटर (young voter) के साथ महिला मतदाताओं (women voters) पर है। भाजपा ने जहां इन वर्ग के वोटर्स को साधने के लिए बूथ मैनेजमेंट (booth management) करना शुरू कर दिया हैं।
वहीं 2018 के चुनाव के बाद झटका खा चुकी कांग्रेस भी इन वर्गों को लेकर सजग, सतर्क नजर आ रही। क्योंकि 18 से 19 वर्ष के 22.36 लाख नए मतदाता पहली बार इन चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 2018 के चुनावों में करीब 35 सीटों पर फैसला आठ हजार से भी कम वोटों पर हुआ था। इसलिए दोनों दलों ने फर्स्ट टाइम के साथ बुजुर्ग दिव्यांग और महिलाओं पर फोकस किया है।
इसलिए है भाजपा की इन वर्ग पर नजर
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार बताया कि युवाओं को जोड़ने की योजना पर एक साल पहले से काम चल रहा है। संगठन ने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘खिलते कमल’ नाम से कार्यक्रम किया था। इसमें संबंधित क्षेत्र के प्रतिभाशाली और गांव-समाज में प्रभाव रखने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।
पिछले साल ही ‘खेलेगा मध्यप्रदेश’ कार्यक्रम किया गया। इसमें क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल जैसे खेल आयोजित किए गए। गांव-शहर के खेल प्रेमी युवाओं को संगठन की विचारधारा से जोड़ने की कोशिश हुई। इसके बेहतर परिणाम बाद के कार्यक्रमों में दिखे हैं। 670 बाइक रैलियों के जरिए युवाओं को सरकार की विकास योजनाओं की झलक दिखाई गई।
सूत्रों ने बताया कि चुनाव में भाजयुमो ने संभाग स्तर पर बड़ी रैलियों की योजना बनाई है। इनमें संबंधित संभाग से हजारों युवाओं को बुलाने की तैयारी है। रैलियों में संबोधित करने के लिए भाजयुमो के राष्ट्रीय नेतृत्व के अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, स्मृति ईरानी जैसे नेताओं को भी बुलाने का कार्यक्रम है।
आंकड़े एक नजर में..
कांग्रेस का फोकस पांच गारंटी हर घर तक पहुंचे
कांग्रेस युवा के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भुरिया का कहना है कि, प्रदेश के सभी बूथों पर हमारा संगठन तैयार है। सभी बूथों पर 10 कार्यकर्ताओं की एक टीम तैनात की गई है। इनकी जिम्मेदारी उस बूथ से जुड़े मतदाताओं से संपर्क कर कांग्रेस, उसकी घोषणाओं और वादों की जानकारी देना होगा। ताकि वे कांग्रेस को वोट देने के लिए प्रेरित हो। कांग्रेस ने इस अभियान में उन युवाओं को टारगेट किया है, जो इस चुनाव में पहली बार वोट डालने वाले हैं। युवा कांग्रेस की बूथ समितियों को जो जिम्मा दिया गया है, उनमें फर्स्ट टाइम वोटर की पहचान करना भी शामिल है। इन लोगों से लगातार संपर्क में बने रहने का टास्क भी अलग-अलग टीमों को मिलेगा।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved