भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भाजपा जैसा काम कोई दूसरी पार्टी नहीं कर सकती : शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित समर्पण निधि संग्रहण की बैठक में कहा कि हमारे संगठन की ताकत हमारे कार्यकर्ता हैं। जो काम हमारे कार्यकर्ता कर सकते हैं वो काम अन्य दलों के कार्यकर्ता नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि बूथ विस्तारक अभियान हो या फिर निधि संग्रह का मामला हो, हमारे कार्यकर्ता जिस प्रकार से जुटते हैं वे उसे सफल बनाकर ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए काम करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि मैं भले ही मुख्यमंत्री हूं लेकिन मेरा असली पद कार्यकर्ता का ही है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बूथ विस्तारक अभियान में हमारे कार्यकर्ताओं ने पूरे समर्पित भाव से काम किया। हमारा यह अभियान इसलिए भी ऐतिहासिक रहा क्योंकि इसमें प्रदेश के हजारों बूथों का फिजिकल वैरीफिकेशन तो किया ही, साथ ही डिजिटल भी डाटा एकत्रित करने का काम किया गया। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि हम ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष को संगठन पर्व के रूप में मना रहे हैं। इस संगठन पर्व के दौरान हमारे जनप्रतिनिधि संगठन के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहे हैं। श्रद्धेय ठाकरे ने आजीवन सहयोग निधि की परिकल्पना दी थी। हमें समर्पण निधि अभियान को सफल बनाकर स्व. ठाकरे जी की भावनाओं के अनुरूप संगठन को आत्मनिर्भर बनाना है।


यह धन संग्रह ही नहीं, जन संग्रह का भी अभियान है: तोमर
केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि समर्पण अभियान को सफल बनाने के लिए हमें बूथ की समितियों को केंद्र में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत हमें गांव-गांव प्रवास करके, अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोडऩे का प्रयास करना चाहिए, क्योंकि यह सिर्फ धन संग्रह का अभियान नहीं, बल्कि जन संग्रह का अभियान भी है।

संगठन का अनुशासन हमें सबसे अलग बनाता है: सिंधिया
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमारा संगठन का अनुशासन हमारी पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता है। इसका प्रमाण हमें बूथ विस्तारक अभियान के दौरान भी देखने को मिला। हमारे संगठन का अनुशासन हमें अन्य दलों से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि हमारे संगठन के लिए काम करने वाला सबसे पहला कोई व्यक्ति है तो वह हमारे बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। हमें उसकी ऊर्जा का उपयोग करना चाहिए।

Share:

Next Post

गंगा नदी की तर्ज पर नर्मदा के दोनों किनारों पर प्राकृतिक खेती कराए जाने की तैयारी

Fri Feb 25 , 2022
भोपाल। गंगा नदी की तर्ज पर प्रदेश में नर्मदा के दोनों किनारों पर प्राकृतिक खेती कराए जाने की तैयारी है। इसके लिए कृषि विभाग का अमला जी-तोड़ मेहनत कर रहा है। डीपीआर तैयार कर राज्य शासन को भेज दी गई है। उस पर सरकार विचार कर अगले चरण की कार्रवाई का निर्णय लेगी। संभव है […]