इंदौर न्यूज़ (Indore News)

मुंबई के लिए उड़ा विमान आसमान में खराब, इमरजेंसी लैंडिंग करवाई

इंदौर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला…

इंदौर, विकाससिंह राठौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल (Indore’s Devi Ahilyabai Holkar International Airport) पर कल शाम बड़ा हादसा टल गया। एयर इंडिया (Air India) के इंदौर से मुंबई जा रहे विमान में उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण विमान को तुरंत वापस इंदौर लाया गया और यहां इमरजेंसी लैंडिंग (emergency landing) करवाई गई। इस दौरान विमान में सवार सभी यात्री बुरी तरह घबरा गए। विमान के उतरने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। सुधार के बाद विमान तय समय से साढ़े चार घंटे देरी से रवाना हो सका।


विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट (एआई-636) दिल्ली से शाम 4.05 बजे इंदौर आकर 4.40 बजे मुंबई जाती है। कल यह फ्लाइट 4.21 बजे दिल्ली से इंदौर पहुंची। 5 बजे विमान ने यात्रियों के साथ इंदौर उड़ान भरी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद पायलट को कॉकपिट में इंजन में खराबी के संकेत मिले। इस पर पायलट ने तुरंत इसकी जानकारी इंदौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को देते हुए विमान को इंदौर में वापस लैंड करवाने की अनुमति मांगी। विमान को वापस इंदौर लाया जा रहा था। इसके साथ ही इंदौर एयरपोर्ट पर किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी घोषित कर दी गई। रन-वे के पास फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सहित रेस्क्यू टीम तैनात कर दी गई। करीब 15 मिनट बाद पायलट ने सूझबूझ के साथ विमान को सुरक्षित लैंड करवाया।

विमान में सवार सभी 95 यात्री घबराए

इंदौर से मुंबई जाने के लिए विमान में 95 यात्री सवार हुए थे। साथ ही फ्लाइट स्टाफ भी विमान में मौजूद था। तकनीकी खराबी सामने आते ही जब पायलट ने विमान में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि विमान को वापस इंदौर ले जाया जा रहा है तो सभी यात्री बुरी तरह घबरा गए। इंदौर में विमान के उतरने के बाद सभी की सांस में सांस आई।

लैंड होते ही शुरू हुआ सुधार, साढ़े चार घंटे देरी से गई फ्लाइट

विमान के इंदौर में लैंड होते ही एयरपोर्ट पर मौजूद एक्सपर्ट इंजीनियर्स की टीम ने विमान का निरीक्षण शुरू करते हुए सुधार शुरू किया। सुधार में लग रहे ज्यादा समय को देखते हुए कई यात्री अपना टिकट कैंसिल करवाते हुए विमान से उतर गए। यह विमान सुधार के बाद तय समय से करीब साढ़े चार घंटे देरी से रात 9.14 बजे रवाना हुआ और 10.26 बजे मुंबई पहुंचा।

कुछ दिन पहले कोलकाता-इंदौर फ्लाइट में भी हुई थी यही स्थिति

20 अक्टूबर को इंडिगो की कोलकाता से इंदौर आने वाली उड़ान में भी कोलकाता से उड़ान भरने के बाद ऐसी ही परेशानी आई थी। विमान में 142 यात्री सवार थे। विमान को कोलकाता से उड़ान भरने के बाद दोबारा कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी। तब भी यात्री काफी घबरा गए थे। अच्छी बात यह रही कि दोनों ही घटनाओं में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ।

Share:

Next Post

विधानसभा 2, कभी होता था कांग्रेस का गढ़, भाजपा ने अभेद किला बना डाला

Fri Nov 10 , 2023
93 में विजयवर्गीय ने कांग्रेस के शेर के नाम से जाने जाने वाले सुरेश सेठ से यह सीट छीनकर लहराया था जीत का परचम इन्दौर। श्रमिक क्षेत्र के नाम से जाने जाने वाला विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 (Assembly Constituency No. 2) अब नए इंदौर (Indore) के नाम से ज्यादा जाना जाता है। विजयवर्गीय के महापौर […]