भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

आदिवासी Vote को लेकर सियासी खींचतान शुरू

  • कांग्रेस आज निकालेगी जनाधिकार यात्रा, भाजपा 18 को शुरू करेगी बड़ा अभियान

भोपाल। प्रदेश में ओबीसी आरक्षण (OBC Reservation) का श्रेय लेने के लिए प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा के बीच श्रेय लेने की होड़ मची हुई है। इसी बीच प्रदेश में आदिवासी वोट बैंक (Tribal Vote Bank) को लेकर भी सियासी दलों के बीच खींचतान शुरू हो गई है। कांग्रेस आदिवासी बाहुल्य बड़वानी जिले में आज आदिवासी अधिकार यात्रा निकालने जा रही है। जबकि भाजपा 18 सितंबर को जबलपुर से बड़ा अभियान शुरू करेगी। इस अभियान की शुरूआत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।



भाजपा ने अमित शाह (Amit Shah) के कार्यक्रम के लिए 18 सितंबर का दिन इसलिए चुना है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 1858 को अंग्रेजों ने गोंड राजा रघुनाथ शाह और शंकर शाह को तोप के मुंह से बांधकर उड़ा दिया था। दोनों बलिदानियों का आदिवासी समुदाय में काफी प्रभाव है। इनके सम्मान से आदिवासियों के बीच भाजपा की पैठ बढ़ाने की रणनीति भी इसे माना जा रहा है। भाजपा आदिवासी वोट बैंक पर जयस के बढ़ते प्रभाव से खासी चिंतित है। जय युवा आदिवासी शक्ति संगठन (जयस) का मालवांचल में प्रभाव बढ़ रहा है। यह प्रभाव महाकौशल-विंध्य क्षेत्र तक न पहुंचे, इसलिए भाजपा इन क्षेत्रों में आदिवासी समुदाय को अपने पक्ष में करने के लिए आयोजन कर रही है। यह क्षेत्र विधानसभा और लोकसभा सीटों के लिए आदिवासी बहुल वाला है।

निर्णायण भूमिका में है आदिवासी वोट
प्र्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से 47 सीटें अनुसूचित जनजाति यानी आदिवासियों के लिए आरक्षित हैं। सामान्य वर्ग की 31 सीटों पर भी आदिवासी समुदाय निर्णायक भूमिका में हैं। 2003 के पहले आदिवासी वोट बैंक परंपरागत रूप से कांग्रेस का माना जाता था। भाजपा ने इसमें सेंध लगा दी। आदिवासी कांग्रेस से छिटक गए। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 47 आदिवासी सीटों में से 30 सीटें मिली थीं, भाजपा को 16 सीटों से संतोष करना पड़ा। मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया आदि जिलों में आदिवासी जनसंख्या अधिक है। मंडला और शहडोल लोकसभा की सीट आदिवासी हैं, तो 15 से अधिक विधानसभा सीटों पर यह वर्ग निर्णायक वोटर है।

कमलनाथ ने बड़वानी क्यों चुना?
बड़वानी, धार, आलीराजपुर (मालवा-निमाड़ क्षेत्र) को जयस (जय युवा आदिवासी संगठन) का गढ़ माना जाता है। बीते कुछ वक्त से कांग्रेस, आदिवासियों को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। अगस्त में डेढ़ दिन चले विधानसभा सत्र के दौरान भी देखा गया कि विश्व आदिवासी दिवस के मुद्दे को कांग्रेस ने जमकर उठाया। अब कांग्रेस 2023 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। कांग्रेस 6 सितंबर को बड़वानी में आदिवासी अधिकार यात्रा निकालने जा रही है। आयोजन के बहाने कांग्रेस बड़वानी और उससे लगे आधा दर्जन जिलों को कवर करने की कोशिश में है। बड़वानी के साथ धार, खरगोन, मंदसौर और नीमच जिलों के आदिवासियों को लेकर कांग्रेस बड़ा आयोजन करेगी।

Share:

Next Post

OBC Reservation पर पिछड़ा वर्ग ने किया Chief Minister का अभिनंदन

Mon Sep 6 , 2021
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने प्रदेश के पिछड़ा वर्ग की चिंता करते हुए सरकारी भर्तियों और परीक्षा में पिछड़ा वर्ग के बेटा-बेटियों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। पिछड़ा वर्ग के हित में लिए गए प्रदेश सरकार के इस ऐतिहासिक निर्णय पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा […]