
इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां एक निजी कंपनी में काम करने वाली युवती ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल मृतका की पहचान 22 वर्षीय आयुषी ठक्कर के रूप में हुई है। आयुषी एक अहमदाबाद स्थित निजी कंपनी में कार्यरत थी, जिसका कार्यालय इंदौर में संचालित होता है। वह बाणगंगा क्षेत्र स्थित अपने घर में माता-पिता, भाई और बहन के साथ रहती थी। सुबह के समय उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
शुरुआती जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved