
नई दिल्ली ।वृंदावन (Vrindavan) में प्रेमानंद महाराज Premanand Maharaj)के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण (Deepak Lodhi) की मौत का मामला लगातार जांच के घेरे में है। दीपक ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे गुरुकृपा कुंज अपार्टमेंट (Gurukripa Kunj Apartment) की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी। पुलिस मामले को आत्महत्या (Suicide) से जोड़कर देख रही है, जबकि परिवार ने घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत की बात सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच में दीपक के कमरे से एक इलेक्ट्रिक ग्राइंडर भी बरामद हुआ है। इसके अलावा मोबाइल फोन और डायरी समेत अन्य सामान को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। इन वस्तुओं की जांच के बाद घटना की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है।
दीपक मध्य प्रदेश के जबलपुर के गौर इलाके के परसवाड़ा गांव का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक वह पढ़ाई में काफी तेज था और आगे पढ़कर नौकरी करना चाहता था। बचपन से उसके साथ रहे रिश्तेदार बृजेश कुमार पटेल ने बताया कि दीपक स्वभाव से सीधा-सादा था और उसका ध्यान मुख्य रूप से पढ़ाई पर रहता था।
परिवार के अनुसार कॉलेज की पढ़ाई के दौरान दीपक की धार्मिक रुचि बढ़ने लगी। बाद में वह भक्ति के मार्ग से जुड़ गया। नर्मदा परिक्रमा करने के बाद वह वृंदावन पहुंचा और प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़ गया। यहीं से उसे रसिक दुलारी शरण के नाम से नई पहचान मिली।
परिजनों ने बताया कि दीपक करीब दो साल से घर नहीं आया था। एक बार वृंदावन से जबलपुर लौटने के बाद वह दोबारा वहां गया और फिर वापस घर नहीं आया। परिवार के सदस्यों का दावा है कि आश्रम से जुड़ने के बाद उनका दीपक से संपर्क धीरे-धीरे खत्म हो गया था।
दीपक के बहनोई सोनू पटेल के अनुसार, वर्ष 2024 से आश्रम से जुड़ने के बाद परिवार के साथ उसका संपर्क नहीं रहा। उनका कहना है कि दीपक अपने पास मोबाइल नहीं रखता था, जिसके कारण परिवार के लोग उससे सीधे बातचीत नहीं कर पाते थे। परिजनों ने यह भी दावा किया कि वे आश्रम में उससे मिलने के लिए घंटों इंतजार करते थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाती थी।
दीपक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग वृंदावन पहुंचे। परिजनों का कहना है कि उन्होंने वहां पहुंचकर दीपक से संबंधित लोगों से मिलने की कोशिश की, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। घटना के बाद परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई है। पुलिस फिलहाल उपलब्ध साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने में जुटी है।
परिवार ने मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी से कराने की मांग की है। परिजन घटना को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब चाहते हैं। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच और बरामद सामान की पड़ताल के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved