इंदौर न्यूज़ (Indore News)

राहुल उत्सव आज इंदौर में

  • सूरज उगा नहीं…यात्रा के लिए राहुल दमक उठे

इंदौर, शुभांकर श्रीवास। सुबह-सुबह का समय था…कोई लकड़ी जलाकर हाथ ताप रहा था तो कोई रातभर से जागकर सुबह होने का इंतजार कर रहा था। तभी ठीक 6 बजे अपने समयानुसार राहुल गांधी एकदम तरोताजा होकर टेंट के बाहर निकले और राष्ट्रगान कर यात्रा का शुभारंभ कर प्रस्थान किया।

राहुल गांधी दशहरा मैदान से कार में बैठकर किशनगंज नाके पर पहुंचे। यहां से उन्होंने सुबह सूर्योदय के पहले 6 बजकर 13 मिनट पर पैदल चलना शुरू कर दिया। महू से चलने के बाद राहुल गांधी रास्ते में कहीं नहीं रुके। वे लगातार डेढ़ घंटा चलते रहे और राऊ स्थित मामाजी के ढाबे पर पहुंचकर टी ब्रेक लिया। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चाय की चुस्की ली। इस दौरान राहुल गांधी के साथ मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजयसिंह, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, जयवर्धन सिंह, कमलेश्वर पटेल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सदाशिव पटेल मौजूद थे।

सुबह 5 बजे राहुल गांधी से मिलने लाठी टेकती-टेकती पहुंची बुजुर्ग महिला, पुलिस ने अंदर जाने से रोका
इंदौर। महू में सेना के अधिकारी की पत्नी एक बुजुर्ग महिला ने भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चलने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके लिए वह सुबह 4 बजे अपने घर से निकलकर 5 बजे दशहरा मैदान पहुंची। यहां महिला को पुलिसकर्मियों ने कार से नीचे उतरवा दिया और पैदल जाने के लिए कहा। महिला ने भी हार नहीं मानी और लाठी के सहारे धीरे-धीरे 20 मिनट तक चलकर राहुल गांधी के कैंप तक पहुंची। यहां प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों ने तो महिला को अंदर जाने दिया, मगर राहुल की निजी सुरक्षा में तैनात जवानों ने महिला को रोक दिया, जिससे वह निराश हो गई।


विकलांग नजर आया तो राहुल ने खुद व्हील चेयर चलाई
यात्रा के दौरान राहुल गांधी भी जनता से जुडऩे का भरपूर प्रयास कर रहे हैं। कभी वो बच्चों को गोद में उठा लेते हैं तो कभी महिलाओं को तवज्जो देते नजर आते हैं…आज भी राऊ में यात्रा के दौरान जब एक विकलांग कार्यकर्ता राहुल गांधी को भीड़ में नजर आया तो राहुल ने स्वयं उसे बुलाकर अपने सुरक्षा घेरे में लिया और बड़ी दूर तक उसकी व्हील चेयर पकडक़र चलाई। विकलांग भी राहुल गांधी के इस व्यवहार से गद्गद् हो गया।

राहुल की प्रदेश यात्रा का सबसे बड़ा सांस्कृतिक जलसा आज इंदौर में
भारत जोड़ो पदयात्रा का सबसे बड़ा जलसा आज इंदौर में हो रहा है। कार्यक्रम चिमनबाग मैदान पर होगा, जहां पास ही के मैदान में राहुल गांधी ठहरे हैं। पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल पूरा आयोजन करवा रहे हैं। कार्यक्रम का फोकस युवाओं पर रखा गया है। इस कार्यक्रम में डिवाइन, एमसी अलताफ और डीे प्रूफ की गली गैंग प्रस्तुति देगी।

शाम 6 बजे से यह लाइव कंसर्ट शुरू होगा, जिसमें भारत पदयात्रियों के साथ-साथ पूरे देश से आए कांग्रेस नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित प्रदेश के सभी बड़े कांग्रेस नेता शामिल होंगे। यहां वीवीआईपी नेताओं के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है और उनका ब्लाक अलग से बनाया गया है। दूसरे ब्लाक में लोकल नेता रहेंगे और तीसरे ब्लाक में इंदौर का युवा रहेगा। कार्यक्रम के आयोजक सत्यनारायण पटेल ने बताया कि पूरा साउंड सिस्टम दिल्ली से बुलवाया गया है और महाराष्ट्र से इवेंट का पूरा सामान आया है।

बुक मॉय शो के माध्यम से पूरे कार्यक्रम का प्रमोशन किया गया है। 6 बजे से शुरू होने वाले इस लाइव कंसर्ट में राजबाड़ा की सभा के बाद राहुल गांधी पहुंचेंगे। चूंकि राहुल गांधी यहीं पास में चिमनबाग के फुटबाल मैदान में ठहरेंगे, इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं। कार्यक्रम की थीम भी भारत जोड़ो पर रखी गई है, जिसमें प्रसिद्ध रैप हिप हॉप डिवाइन, एमसी अल्ताफ व डीजे प्रूफ अपनी प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम खासकर युवाओं के लिए रखा गया है। यह प्रोग्राम मुंबई की ट्रेलब्लेज प्रोडक्शन इवेंट कंपनी द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों में लगने वाले सामान भी देश के विभिन्न हिस्सों से बुलवाए गए हैं। भारत जोड़ो यात्रा का गीत भी इसमें लांच किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध गायक सुखविंदर के आने की संभावना है।

राऊ में बाइक चलाई राहुल ने…
महू से राऊ पहुंची भारत जोड़ो यात्रा में अचानक राहुल गांधी ने एक चलती बाइक को रोका और चालक से हेलमेट लेकर खुद बाइक चलाई। इस दौरान पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक जीतू पटवारी दौड़ लगाते नजर आए।

चिमनबाग में डिवाइन की प्रस्तुति..
यात्रा के दौरान आज चिमनबाग की सांस्कृतिक संध्या में जिस डिवाइन की प्रस्तुति हो रही है, उसे सुनने लिए लाखों के टिकट लगते हैं। पिगडम्बर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समीप पहुंचने की कोशिश की तो पुलिस ने इस तरह धक्का देकर कार्यकर्ताओं को सुरक्षा घेरे से दूर किया।

Share:

Next Post

एक हफ्ते में निफ्टी-सेंसेक्स एक फीसदी चढ़े, जानिए अब बाजार को किस ‘संजीवनी’ का है इंतजार?

Sun Nov 27 , 2022
नई दिल्ली। निफ्टी इंडेक्स और सेंसेक्स दोनों में पिछले एक हफ्ते के दौरान 0.9 से 0.95% तक चढ़े हैं। इस अवधि में बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.83% जबकि बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 0.96% चढ़ा। ‘उच्चतम’ मुद्रास्फीति की आशंका, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, वैश्विक बांड प्रतिफल में लगातार नरमी ने इक्विटी बाजार को मजबूती दी है। […]