नई दिल्ली/छतरपुर। भगवान श्रीकृष्ण (Lord Sri Krishna) को लेकर कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) उर्फ बाबा बागेश्वर की टिप्पणी पर विवाद बढ़ता जा रहा है। माफी मांगने के बावजूद उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने शास्त्री पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें धार्मिक गुरु मानने से इनकार किया। वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भगवान श्रीराम के पिता को लेकर कथित टिप्पणी पर सवाल उठाए हैं।
संजय सिंह बोले- धर्म और भगवानों के बारे में जानकारी नहीं
समाचार एजेंसी से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री को धार्मिक गुरु कहना ही गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि शास्त्री पहले भी कई बार आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं। संजय सिंह ने प्रयागराज कुंभ के दौरान हुई मौतों पर उनकी कथित टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मृतकों के मोक्ष प्राप्त करने की बात कही थी। इसके अलावा, संजय सिंह ने भगवान श्रीराम के पिता को लेकर दिए गए कथित बयान पर भी आपत्ति जताई।
आप सांसद ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संरक्षण मिलने के कारण धीरेंद्र शास्त्री लगातार सनातन धर्म, हिंदू धर्म और देवी-देवताओं को लेकर विवादित टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने समाज को ऐसे लोगों से सावधान रहने की सलाह दी। संजय सिंह ने कहा कि यदि किसी अन्य व्यक्ति ने इस तरह की टिप्पणी की होती, तो उसके साथ क्या होता, यह सोचने वाली बात है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी को शर्मनाक और अक्षम्य बताया।
श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित रामकथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना की थी। उन्होंने कहा था कि श्रीराम सीधे हैं, जबकि श्रीकृष्ण तीन जगह से टेढ़े होकर खड़े होते हैं। अपनी बात में उन्होंने श्रीकृष्ण की त्रिभंग मुद्रा, बांसुरी और वृंदावन का उल्लेख करते हुए अयोध्या और वृंदावन की तुलना भी की थी। उन्होंने कहा था कि बांसुरी तो हर कोई बजा सकता है, लेकिन धनुष चलाना हर किसी के बस की बात नहीं है।
इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मथुरा-वृंदावन के संतों और कृष्ण भक्तों ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने पर शास्त्री ने माफी भी मांगी, लेकिन राजनीतिक और धार्मिक हलकों में विरोध जारी है।
अखिलेश यादव ने भी जताई नाराजगी
इस बीच, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर धीरेंद्र शास्त्री की भगवान श्रीराम के पिता को लेकर कथित टिप्पणी का वीडियो साझा किया। उन्होंने सवाल किया कि सनातन विरोधी गतिविधियों में शामिल लोग किसके कहने पर सक्रिय हैं।
अखिलेश यादव ने लिखा कि पहले भगवान श्रीकृष्ण के बारे में विवादित वीडियो सामने आया और अब भगवान श्रीराम के पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी प्रसारित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति के राजनीतिक आकाओं को भले ही यह सब मंजूर हो, लेकिन उन्हें यह कतई स्वीकार नहीं है।
सपा अध्यक्ष ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि अब सच्चे सनातनी उनकी पर्ची लिखेंगे। इस तरह भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम को लेकर कथावाचक की टिप्पणियों पर विवाद राजनीतिक रूप लेता जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved