भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

अब तक कांग्रेस के 26 विधायक दे चुके हैं सदस्यता से इस्तीफा

  • उपचुनाव के बीच भाजपा ने खेला बड़ा गेम, बड़वाह से कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल
  • सचिन बिरला के भाजपा में शामिल होने से विधानसभा में 94 रह जाएगी कांग्रेस की सदस्य संख्या

भोपाल। उपचुनाव के बीच कांग्रेस (Congress) को बड़ा झटका लगा है। खरगोन के बड़वाह से पार्टी विधायक सचिन बिरला (MLA Sachin Birla) भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने सनावद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) की सभा में पहुंचकर भाजपा की सदस्यता ली। बिरला, कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव (Minister Arun Yadav) के समर्थक हैं। प्रदेश में कांग्रेस अपना कुनबा संभालकर नहीं रख पा रही है। अभी तक पार्टी के 26 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। अब बड़वाह विधानसभा क्षेत्र (Barwah Assembly Constituency) से विधायक सचिन बिरला भाजपा में शामिल हो गए हैं। वे अब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। इससे एक और उपचुनाव होना तय है। खंडवा संसदीय के साथ पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव चल रहे हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 114 स्थानों पर जीत हासिल करके 15 साल बाद सत्ता में वापसी की थी।



बसपा के दो, सपा के एक सहित चार निर्दलीय सदस्यों का कमल नाथ सरकार को समर्थन हासिल था। पार्टी की अंदरूनी खींचतान के चलते वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने समर्थक 22 विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़ दी थी। इनके विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफे मंजूर होने से कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ गई और मुख्यमंत्री कमल नाथ को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद चार और सदस्यों ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया। 28 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा ने 19 और कांग्रेस ने नौ सीटों पर जीत हासिल की। इसके बाद दमोह विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव कांग्रेस के विधायक राहुल सिंह के इस्तीफा देने की वजह से हुआ। इसमें कांग्रेस के अजय कुमार टंडन विजयी रहे। इससे विधानसभा में भाजपा की सदस्य संख्या 125 और कांग्रेस की 95 रह गई। सचिन बिरला के इस्तीफा देने के बाद यह संख्या घटकर 94 रह जाएगी। हालांकि, अभी तीन विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव चल रहे हैं। 30 अक्टूबर को यहां मतदान होगा और दो नवंबर को परिणाम आएंगे। इसके बाद विधानसभा में दलीय स्थिति में और परिवर्तन आएगा।

इन्होंने दिया था इस्तीफा
कांग्रेस की रीति-नीति से नाराज होकर प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, महेन्द्र सिंह सिसोदिया, गोविन्द सिंह राजपूत, डा.प्रभुराम चौधरी, तुलसीराम सिलावट, एदल सिंह कंषाना, रघुराज सिंह कंषाना, गिर्राज डंडौतिया, कमलेश जाटव, ओपीएस भदौरिया, रणवीर जाटव, मुन्नालाल गोयल, रक्षा संतराम सनौरिया, जसमंत जाटव, सुरेश धाकड़, जजपाल सिंह जज्जी, बृजेन्द्र सिंह यादव, बिसाहूलाल सिंह, मनोज सिंह पटेल, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, हरदीप सिंह डंग, प्रद्युम्न सिंह लोधी, सुमित्रा देवी कास्डेकर, नारायण पटेल और राहुल सिंह ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

प्रदेश में हो चुके हैं 31 उपचुनाव
छिंदवाड़ा, झाबुआ, जौरा, सुमावली, मुरैना, दिमनी, अंबाह, मेहगांव, गोहद, ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व, डबरा, भांडेर, करैरा, पोहरी, बमोरी, अशोक नगर, मुंगावली, सुरखी, मलहरा, अनूपपुर, सांची, ब्यावरा, आगर, हाटपिपल्या, मांधाता, नेपानगर, बदनावर, सांवेर, सुवासरा और दमोह। छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव विधायक दीपक सक्सेना के मुख्यमंत्री कमल नाथ के लिए स्थान रिक्त करने की वजह से हुआ था। जबकि, भाजपा के गुमान सिंह डामोर ने रतलाम संसदीय क्षेत्र से निर्वाचन होने के कारण विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वे झाबुआ विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचन हुए थे।

 

Share:

Next Post

प्रधानमंत्री मोदी ने की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना की शुरुआत

Mon Oct 25 , 2021
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने आज वाराणसी में सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना (Biggest health scheme) पीएम आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन का शुभारंभ किया (Launched) ।इस दौरान उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे ।   आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन स्वास्थ्य के साथ-साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता का भी […]