
उज्जैन। जिले में सड़क दुर्घटना के आंकड़े हर साल बढ़ रहे हैं। इस साल अब तक सड़क हादसों में में लगभग 248 लोगों ने जान गंवाई हैं। वहीं एक हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि सड़क दुर्घटनाओं का यह आंकड़ा कम होने की बजाय हर साल बढ़ता जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जिले में सड़क हादसों को देखते हुए यातायात विभाग द्वारा जिले में 10 से ज्यादा ब्लैक स्पॉट चयनित किए गए हैं, लेकिन इन स्थानों पर दुर्घटनाओं को रोकने, कम करने के लिए कोई ठोस पहल और इंतजाम नहीं हो पा रहे हैं।
खास बात यह है कि जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हर बार ये गंभीर मुद्दा उठता है। यातायाात, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एनएचएआई-एमपीआरडीसी के अधिकारियों को प्लान और सुधार के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन कोई काम ही नहीं होते। नतीजतन, बीते 7 माह में जिले में डेढ़ हजार से अधिक हादसे हुए हैं। इसमें लगभग 248 से ज्यादा लोगों की मौत और 1154 लोग घायल हुए हैं। इसमें से सर्वाधिक दुर्घटनाएं दो पहिया वाहनों के चालकों के साथ हुई हैं।
पिछले सालों के आंकड़े..
ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक साल 2023 में 1558 दुर्घटना जिले में हुई थी। जिसमें 1498 लोग घायल हुए तथा 254 की मौत हो गई थी। वहीं साल 2024 में मौत का यह आंकड़ा बढ़कर 257 पर पहुंच गया था तथा 1493 लोग घायल हुए थे। बात साल 2025 की करें तो जनवरी से दिसंबर के दौरान 12 महीने में ही 1600 सड़क दुर्घटनाएं हो गईं, जिसमें 1700 लोग घायल हो चुके हैं तथा 365 लोगों की जान चली गई थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved