
हैदराबाद। तेलंगाना (Telangana) में एक महिला बस कंडक्टर (Female bus conductor) की ईमानदारी की जमकर तारीफ हो रही है। TGSRTC की शादनगर डिपो की कंडक्टर सरिता को बस में एक यात्री का बैग (Passenger Bag) मिला, जिसमें 3 लाख रुपये नकद रखे थे। उन्होंने ड्राइवर नरसिम्हुलु के साथ मिलकर रकम सुरक्षित रखी और यात्री के लौटने पर पूरा बैग उसे सौंप दिया।
दरअसल, शादनगर निवासी कारोबारी जहांगीर अपनी पत्नी के साथ हज यात्रा पर जाने की तैयारी में हैं। शनिवार को दोनों बस से हैदराबाद जा रहे थे। अफजलगंज बस स्टैंड पर उतरने के बाद वे नामपल्ली की ओर चले गए। कुछ दूर पहुंचने के बाद जहांगीर को याद आया कि नकदी से भरा उनका बैग बस में ही रह गया है।
कंडक्टर की नजर पड़ी तो सुरक्षित रखा बैग
बस में मौजूद कंडक्टर सरिता की नजर लावारिस पड़े बैग पर गई। उन्होंने तुरंत बस चालक नरसिम्हुलु को इसकी जानकारी दी। दोनों ने बैग को अपने पास सुरक्षित रख लिया, ताकि उसका मालिक मिलने पर उसे वापस किया जा सके। उधर, बैग छूटने का पता चलते ही जहांगीर परेशान होकर वापस बस स्टैंड पहुंचे। उन्होंने सरिता और नरसिम्हुलु से संपर्क किया और अपना बैग गुम होने की जानकारी दी।
पूरी रकम का मिलान करने के बाद सौंपा बैग
जहांगीर ने बैग और उसमें रखी रकम से जुड़ी जरूरी जानकारी कर्मचारियों को बताई। कंडक्टर और ड्राइवर ने उनके बताए विवरण का मिलान किया। जानकारी सही पाए जाने के बाद उन्होंने 3 लाख रुपये से भरा पूरा बैग जहांगीर को लौटा दिया।
वीडियो सामने आया, कर्मचारियों की हो रही तारीफ
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस कंडक्टर यात्री को उसकी नकदी लौटाती दिखाई दे रही हैं। बैग में इतनी बड़ी रकम होने के बावजूद उसे सुरक्षित रखकर सही व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरिता और नरसिम्हुलु की ईमानदारी की सोशल मीडिया पर भी सराहना की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved