उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

देवासगेट पर सवारी बैठाने वाले एजेंट को ही बस ने कुचल दिया…अस्पताल में मौत

  • रात में हुई घटना का लोग वीडियो बनाते रहे-चाय की दुकान चलाने वाला ऑटो से अस्पताल लेकर पहुँचा

उज्जैन। कल रात देवासगेट बस स्टैंड पर आवाज लगाकर बसों में सवारी बैठाने वाले एक व्यक्ति कल रात बस की चपेट में आ गया और बुरी तरह से जख्मी हो गया। दुर्घटना के बाद पुलिस तो मौके पर पहुंची ही नहीं वहीं कुछ लोग घायल का वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। उसकी हालत देखकर वहाँ चाय की दुकान चलाने वाला व्यक्ति तत्काल ऑटो से अस्पताल लेकर पहुँचा जहाँ देर रात उसकी मौत हो गई।
घटना कल रात 10 बजे करीब की है। निर्दोष पिता करणसिंह निवासी घटिया कई सालों से देवासगेट पर रहकर ही बसों में सवारी बैठाने का काम कर रहा था। कल रात भी बस के लिए आवाज देकर सवारी बुला रहा था। इस दौरान एक बस चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना होने के बाद वहाँ मौजूद घायल का वीडियो बनाते रहे और काफी देर तक पुलिस भी नहीं आई। इस दौरान मौके पर चाय की दुकान चलाने वाला राजेन्द्र ठाकुर उसे ऑटो से अस्पताल लेकर पहुंचा जहाँ से उसे आरडी गार्डी अस्पताल ले जाया गया। अधिक खून बहने के कारण देर रात उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद देर रात पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि अभी टक्कर मारने वाली बस का पता नहीं चला है और पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर बस चालक का पता लगाएगी।



बडऩगर में भी दुर्घटना में एक की मौत
कल रात बडऩगर के समीप ग्राम में बाईक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर लिया था। आज सुबह मृतक के जीजा ने उसकी पहचान धार जिले के ग्राम सादलपुर निवासी के रूप में की। बडऩगर थाना पुलिस ने बताया कि कल रात 8 बजे के करीब समीप के ग्राम पिपलु के समीप बाईक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में मौके पर ही बाईक सवार की मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और मृतक के शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे थे और उसके फोन नंबर से सादलपुर निवासी सुरेश से बात हुई तो उसने बताया कि वह मृतक का जीजा है तथा उसने बताया कि मृतक रतननाथ है तथा वह धार जिले के ग्राम सादलपुर का रहने वाला है। कल वह लोहाना पट्टी में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकला था। पुलिस की सूचना के बाद आज सुबह उसके परिजन आ गए थे और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा इस संबंध में बयान लिए गए हैं।

Share:

Next Post

दिग्विजय सिंह ने किया भारत जोड़ो क्रिकेट टूर्नामेंट के कैलेंडर का विमोचन

Fri Nov 18 , 2022
उज्जैन। भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन व शहर में खेल व खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन के लिए कांग्रेस द्वारा भारत जोड़ो क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा जिसके पोस्टर का विमोचन गत दिवस पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा किया गया। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक यादव द्वारा 1 लाख रुपए प्रथम पुरस्कार वाला टूर्नामेंट कराया जाएगा। […]