इंदौर न्यूज़ (Indore News)

धुंध ने शहर को छुपाया, सडक़ तो सडक़ चेहरा तक नजर नहीं आया

  • जो सुबह जल्दी जगा उसने बिरला नजारा देखा

इंदौर। शहर में कल सुबह से छाए बादलों ने दोपहर में हलकी बूंदाबांदी भी की। इसके कारण दिन के तापमान में 24 घंटों में ही करीब 5 डिग्री की कमी दर्ज की गई। दिनभर ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बनाए रखी। रात होते ही ठंड की चुभन और बढ़ गई। हालांकि आज सुबह से घने कोहरे के बाद आसमान एक बार फिर साफ नजर आ रहा है और धूप भी खिली है, जिससे दिन में ठंड से राहत मिलेगी।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसों की अपेक्षा 4.8 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा, लेकिन परसों रात की अपेक्षा 0.6 डिग्री कम था। इस दौरान पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हवाएं चलीं, जिनकी अधिकतम गति 15 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। सुबह घना कोहरा छाया, जिससे दृश्यता घटकर 500 मीटर तक पहुंच गई थी। मौसम विभाग के अनुसार आज हलके बादल रहेंगे, कल से मौसम बिलकुल साफ हो जाएगा। इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी और रात के तापमान में कमी देखने को मिलेगी।


खराब मौसम के चलते इंडिगो ने निरस्त की जयपुर और जबलपुर की उड़ानें
जयपुर और जबलपुर में खराब मौसम और घने कोहरे के चलते इंडिगो एयरलाइंस ने इंदौर से इन दोनों शहरों की उड़ानों को निरस्त कर दिया है। जबलपुर से आने वाला विमान कल रात को ही नहीं आया था, इसलिए सुबह जाने वाली उड़ान भी निरस्त रही। वहीं जयपुर से सुबह आकर वापस जाने वाली उड़ान को भी कंपनी ने निरस्त किया है। उड़ानों के निरस्त होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान (6ई-7315) रात 8.50 बजे जबलपुर से इंदौर आती है। रात को विमान यहीं रुकता है और सुबह 7.10 बजे जबलपुर जाता है, लेकिन कंपनी ने कल रात की उड़ान को ही निरस्त कर दिया था। विमान के न आने से सुबह जाने वाली उड़ान भी निरस्त कर दी गई। इसी तरह जयपुर उड़ान (6ई-7154) सुबह 7 बजे जयपुर से इंदौर आकर 7.20 बजे वापस जयपुर जाती है। जयपुर में खराब मौसम के चलते कंपनी ने इस उड़ान को भी निरस्त कर दिया। कंपनी की ये दोनों ही उड़ानें कुछ दिनों से लगातार लेट रही थीं। कल सुबह भी ये उड़ानें दो से ढाई घंटे देरी से रवाना हो पाई थीं। इसके कारण इनके आगे के शेड्यूल भी बिगड़े रहे और रात तक की सभी उड़ानें लेट हुईं। कोहरे को देखते हुए आज भी उड़ानें लेट होने से बचाने के लिए कंपनी ने इन्हें निरस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों ही उड़ानों में यात्री संख्या भी कम थी। वहीं दूसरी ओर जिन यात्रियों ने इन उड़ानों में बुकिंग करवाई थी उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया। कंपनी ने यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग के विकल्प दिए।

Share:

Next Post

पति ने पत्नी के नाम लिया लोन और गायब हो गया

Thu Jan 11 , 2024
इंदौर। पति पत्नी के नाम पर समूह लोन लेकर घर से गायब हो गया। अब रिकवरी एजेंट और बैंक कर्मचारी दो बच्चियों की मां को रिकवरी के लिए परेशान कर रहे हैं। शराबी पति से मारपीट न सहन करने की सजा एक महिला को मिली। महिला ने कलेक्टर से गुहार लगाई। गुरमीर कौर पति मोन्टीसिंह […]