भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

गुजरात में कमल खिलाने मोर्चा संभाला मप्र के नेताओं ने

  • 37 विधानसभा सीटों पर 92 नेताओं ने संभाली जिम्मेदारी

भोपाल। गुजरात में एक बार फिर से सरकार बनाने के लिए भाजपा ने मोर्चा संभाल लिया है। इस बार गुजरात की 37 सीमावर्ती सीटों पर कमल खिलाने की जिम्मेदारी मप्र के 92 अनुभवी नेताओं को दी गई है। समन्वय की जिम्मेदारी मप्र भाजपा उपाध्यक्ष जीतू जिराती और पूर्व संगठन मंत्री श्याम महाजन को सौंपी गई है। कार्यकर्ताओं में पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व पदाधिकारी, पूर्व संगठन मंत्री शामिल हैं। मप्र के मालवांचल से गुजरात की सीमाएं जुड़ी हुई हैं।
भाजपा हाईकमान ने मप्र के सीमावर्ती और मध्य गुजरात के 7 जिलों की 37 सीटों का प्रभार मप्र के पूर्व विधायकों व संगठन मंत्री रह चुके नेताओं को सौंपा गया है। इन सीटों कुछ आदिवासी बहुल क्षेत्र भी हैं। चुनावी रणनीति के हिसाब से हर सीट पर मप्र के दो-दो नेता तैनात किए गए हैं। ये लोग गुजरात प्रदेश इकाई के साथ ही हाईकमान के साथ से भी हर दिन की प्रोग्रेस रिपोर्ट साझा कर रहे हैं। इस क्षेत्र की 37 में से 25 सीटों पर भाजपा काबिज है। भाजपा ने मप्र के पूर्व विधायक जीतू जिराती को सभी सीटों पर समन्वय की जवाबदारी सौंपी है।


गुजरात को चार जोन में बांटा
गुजरात को भाजपा ने चुनावी तैयारी के हिसाब से चार अलग-अलग जोन में बांटा है। इनमें दक्षिण गुजरात, उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात और सौराष्ट्र के विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं को सौराष्ट्र का प्रभार सौंपा गया है। सौराष्ट्र में मप्र से दो प्रभारी बनाए गए हैं। एक जीतू जिराती हैं, जिन्हें चुनाव लडऩे से लेकर प्रबंधन का बेहतर अनुभव है। वहीं, पूर्व संगठन मंत्री श्याम महाजन को संगठन का काम सौंपा है। इनके साथ सातों जिलों में दो-दो प्रभारी बनाए गए हैं और हर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी दो-दो कार्यकर्ताओं को तैनात किया है। गुजरात के संगठन महामंत्री रत्नाकर के साथ इनकी एक बैठक हो गई है।

मप्र के नेताओं को मिला सौराष्ट्र जोन का प्रभार
मप्र के झाबुआ और आलीराजपुर से गुजरात के सात जिले दाहौद खेड़ा, महिसागर, पंचमहल, बढ़ौदा ग्रामीण, बढ़ौदा नगर और आणंद जिले लगे हुए हैं। इन क्षेत्रों में मध्य प्रदेश से ऐसे कार्यकर्ता भेजे हैं, जिनका वहां कहीं प्रभाव या अच्छा संपर्क है। फिलहाल, यह कार्यकर्ता वहां संगठनात्मक कार्यो में मदद के साथ चुनावी जमावट को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। गुजरात के लिए यह प्रारंभिक तैनाती है, इसके बाद वरिष्ठ नेताओं को भी भेजा जाएगा। पार्टी इस बार गुजरात के दामाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी वहां के चुनाव प्रचार में लगा सकती है। 37 सीटों के लिए प्रभारी बनाए गए पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने बताया कि अभी इनमें से 25 सीटों पर भाजपा काबिज है।

Share:

Next Post

रूस के खिलाफ जंग में उतरेगा नाटो? B-52 बॉम्बर के साथ किया बड़ा युद्धाभ्यास

Mon Oct 17 , 2022
ब्रसेल्स: यूक्रेन-रूस युद्ध और पुतिन की परमाणु धमकियों के बीच नाटो अपने सबसे बड़े युद्धाभ्यास में जुटा हुआ है. ‘स्टेड फास्ट नून’ (Stead fast noon) के नाम से शुरू हुए इस वार्षिक परमाणु अभ्यास में चौदह सदस्य राज्य और 60 विमान हिस्सा ले रहे हैं, जो तेरह दिनों तक बेल्जियम, उत्तरी सागर और ब्रिटेन के […]