इंदौर न्यूज़ (Indore News)

उज्जैन के महाराजवाड़ा को पर्यटन विकास निगम बना रहा होटल…

  • आज जारी हुए टेंडर… 24 कमरों वाले महाराजवाड़ा का दिखेगा नया स्वरूप

इंदौर। पर्यटन विभाग के इंदौर रीजन के अंतर्गत आने वाले उज्जैन में पर्यटन विकास निगम एक और होटल तैयार कर रहा है। महाकाल मंदिर परिसर के नजदीक स्थित महाराजवाड़ा को होटल के रूप में परिवर्तित करने के लिए आज पर्यटन विकास निगम ने टेंडर जारी किए हैं। 1047.41 लाख में काम पूरा किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि उज्जैन में श्री महाकाल महालोक के निर्माण के बाद यहां धार्मिक पर्यटन में काफी इजाफा हुआ है। इसी के साथ यहां कई तरह के विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष रुचि के बाद महाराजवाड़ा को लेकर पर्यटन विकास निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले दिनों इसी संबंध में पर्यटन विकास निगम के एमडी डॉ. इलैया राजा टी भी यहां पहुंचे थे। महाकाल मंदिर परिसर के नजदीक स्थित इस महाराजवाड़ा में पहले शासकीय महाराजवाड़ा हायर सेकंडरी स्कूल संचालित होता था। यहां 24 कमरे और काफी बड़ा मैदान मौजूद है, जिसका विकास कार्य अगले 6 महीने में पूरा किया जाना है। 22 कमरों को होटल के लिए और 2 कमरों को किचन और अन्य इस्तेमाल के लिए तैयार किया जाएगा। स्मार्ट सिटी भी इसके लिए काम करेगी। कमरों और इंटीरियर को पर्यटन विकास निगम अपनी निगरानी में तैयार करवाएगा।


10 करोड़ से ज्यादा के होना हैं काम
महाराजवाड़ा में 10 करोड़ से ज्यादा के काम होना हैं। संरक्षण, उन्नयन और विकास कार्य में विभाग 539.43 लाख, इंटीरियर और फर्नीचर पर 368.12 लाख और बिजली, एयरकंडीशनर पर 139.86 लाख खर्च करेगा। विभाग ने टेंडर की आखिरी तारीख 6 मार्च तय की है। ये काम 6 महीने में पूरे किए जाना हैं।

मुख्यमंत्री की विशेष रुचि के चलते जल्द होगा काम
महाराजवाड़ा को होटल के रूप में परिवर्तित करने में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष रुचि है, इसलिए इसका काम तेजी से होगा और इंदौर रीजन को उज्जैन में पर्यटन विकास निगम का एक और होटल मिल जाएगा। इसी के साथ उज्जैन में विभाग के चार होटल हो जाएंगे। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री आचार संहिता लगने से पहले इसका काम शुरू करवा देना चाहते हैं।

Share:

Next Post

पहले ही दिन फेल हुई ई-रिक्शा की अनिश्चितकालीन हड़ताल

Wed Feb 21 , 2024
रूट तय किए जाने के विरोध में संगठित नहीं हो पाए चालक इंदौर। शहर (Indore) में जिला प्रशासन ने बेतरतीब ट्रैफिक (Traffic) को सुधारने के लिए तेजी से बढ़ रहे ई-रिक्शा (E-Rikshaw) को नियंत्रित करने के साथ ही इनके रूट तय करने का फैसला लिया है। ई-रिक्शा चालक इससे खुश नहीं हैं और आज से […]