
उज्जैन। जिले में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान में उज्जैन जिला पूरे मध्यप्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि महिदपुर ब्लॉक ने प्रदेश के 313 ब्लॉकों में पहला स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में अब तक 5,094 से अधिक हितग्राहियों को लाभ मिल चुका है। कलेक्टर ने योजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को जोडऩे के निर्देश दिए। बैठक में जनकल्याण शिविरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सेवाएं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के आयोजन को लेकर भी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, यातायात और पार्किंग सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर करने के निर्देश दिए।बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, आयुष्मान कार्ड निर्माण, पीएम विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम कुसुम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। लंबित मामलों में लापरवाही पाए जाने पर कई अधिकारियों के वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में अपने सुझाव ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराने की अपील भी की। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved