
ग्वालियर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (Shri Krishna Janmashtami) के अवसर पर सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के डबरा में विवाद खड़ा हो गया है। बसपा (BSP) की पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सत्यप्रकाशी परसेडिया (Satyaprakashi Parsedia) की सोशल मीडिया आईडी से एक ऐसी तस्वीर पोस्ट की गई, जिसे लेकर हिंदू संगठनों, सवर्ण समाज और यादव समाज के लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है। मामला बढ़ने के बाद पूर्व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सत्यप्रकाशी परसेडिया को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी है और विवादित पोस्ट हटाना पड़ा है।
पोस्ट की थी कुत्ते के सिर पर मुकुट-मोर पंख वाली तस्वीर
दरअसल, जन्माष्टमी के मौके पर सत्यप्रकाशी परसेडिया की सोशल मीडिया आईडी से एक कुत्ते की तस्वीर पोस्ट की गई थी। तस्वीर में कुत्ते के सिर पर मुकुट और मोर पंख लगाया गया था, जबकि गले में माला दिखाई दे रही थी। इतना ही नहीं, उसके पैरों के पास भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी बांसुरी भी रखी हुई थी। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं और देखते ही देखते मामला विवाद में बदल गया।
बढ़ा बवाल तो मांगी माफी
हिंदू संगठनों ने इस पोस्ट को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष को चेतावनी भी दी गई। विवाद बढ़ता देख सत्यप्रकाशी परसेडिया ने सोशल मीडिया के जरिए सफाई पेश करते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका किसी भी धर्म या धार्मिक आस्था का अपमान करने का कोई उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा कि उनका मोबाइल किसी बच्चे के हाथ में चला गया था और उसने सोशल मीडिया पर चल रहे किसी ट्रेंड को देखकर यह तस्वीर पोस्ट कर दी।
घर के मंदिर की तस्वीर पोस्ट कर दी सफाई
यही नहीं सत्यप्रकाशी परसेडिया ने विवादित पोस्ट को तुरंत डिलीट भी कर दिया। सत्यप्रकाशी परसेडिया ने अपनी सफाई के साथ घर के मंदिर की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की और सफाई देते हुए कहा कि वह खुद भी ईश्वर में आस्था रखती हैं और नियमित रूप से पूजा-पाठ करती हैं। बावजूद इसके, यह विवाद शांत होता नजर नहीं आ रहा है।
पुलिस के पास पहुंचा मामला
इस पूरे प्रकरण के बाद यादव महासभा के सदस्य सिटी थाने पहुंचे और एसडीओपी सौरभ कुमार को एक आवेदन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है। आवेदन में मामले की जांच कर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है। फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच चुका है और अब नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। सत्यप्रकाशी परसेडिया करीब 12 साल तक बसपा से डबरा नगर पालिका अध्यक्ष रह चुकी हैं। वह फिर राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved