भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

वेदर सिस्टम सक्रिय, बादल छाए, बूंदाबांदी के आसार

  • धूप नहीं निकलने के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना

भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। मानसून ट्रफ भी मध्य प्रदेश में सागर से होकर गुजर रहा है। जिसके चलते पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। इसके चलते विभिन्न जिलों में रुक-रुककर वर्षा होने का सिलसिला बना हुआ है। राजधानी में कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वातावरण में बड़े पैमाने नमी बरकरार रहने के कारण बुधवार को राजधानी में सुबह से ही घने बादल बने हुए है। इस वजह से धूप भी नहीं निकल सकी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक धूप नहीं निकलने के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

ये मौसम प्रणालियां हैं सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पडऩे के बाद हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में परिवर्तित होकर पश्चिमी मप्र पर मौजूद है। झारखंड और उससे लगे छत्तीसगढ़ पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है। इसके अतिरिक्त मानसून ट्रफ बीकानेर, कोटा, सागर, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल से होकर बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। इसके अतिरिक्त गुजरात से लेकर कर्नाटक तक एक अपतटीय ट्रफ बना हुआ है। इन चार मौसम प्रणालियों के असर से मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्षा हो रही है।


अगले 24 घंटे में भारी बारिश के साथ गिरेगी बिजली
मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटे में 10 जिलों में बारिश हुई है। साथ ही कई जिलों में गरज के साथ बौछारें भी पड़ी हैं। इसी बीच आगामी 24 घंटे के लिए मौसम विभाग ने एक बार फिर से येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने भारी बारिश होने के साथ बिजली चमकने और गिरने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के मुताबिक, सागर, चंबल, ग्वालियर, कटनी, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है। वहीं, जबलपुर, भोपाल, सागर, चंबल, ग्वालियर, धार, बैतूल और नर्मदापुरम में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही बिजली के चमकने और गिरने की भी संभावना है। मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Share:

Next Post

42 जिला अस्पताल कायाकल्प पर उतरे खरे

Thu Jul 21 , 2022
26 को भोपाल में होगा कायाकल्प पुरस्कार वितरण भोपाल। अस्पतालों की सेहत सुधारने के लिए भारत सरकार द्वारा 2016 से शुरू किए गए कायाकल्प पुरस्कार के लिए इस बार प्रदेश के 42 अस्पताल चुने गए हैं। पिछले साल सिर्फ 36 अस्पतलों को ही यह पुरस्कार मिला था। अन्य अस्पतालों को भी मिला लें तो इस […]