
इंदौर। बीते कुछ वर्षों से नगर निगम मानसून में लाखों पौधे लगा रहा है। वहीं 51 लाख पौधे रोपने का संकल्प मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लेकर पूरा भी करवाया। इस बार भी 21 लाख पौधे नगर निगम लगवा रहा है। इसमें 48 एकड़ की पितृ पर्वत के आगे बीएसएफ की बंजर जमीन भी शामिल है, जिसे रेवती रेंज की तरह हरा-भरा किया जाएगा और यहां पर एक लाख पौधे इस बार लगाए जाएंगे। कल शाम साढ़े 6 बजे एआईसीटीएसएल मुख्यालय में मंत्री श्री विजयवर्गीय ने पौधारोपण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक भी रखी है, जिसमें सभी जनप्रतिनिधियों के अलावा समाजसेवी, पर्यावरणप्रेमी, एनजीओ सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों को बुलाया गया है।
निगम के कनकार्य और उद्यान प्रभारी राजेन्द्र राठौर के मुताबिक पिछले दो सालों में जो पौधारोपण शहरभर में किया गया उनमें से अधिकांश पौधे जीवित होकर पेड़ का रूप ले रहे हैं और विभागीय मंत्री के निर्देश पर इन सभी पौधों की उचित देखभाल भी की जा रही है। यहां तक कि रेवती रेंज के लिए भी अलग से पाइप लाइन डाली गई, ताकि लाखों पौधों को जिंदा रखा जा सके। आज पूरा रेवती रेंज हरियाली से आच्छांदित हो गया है और अब इसी तरह पितृ पर्वत के आगे बीएसएफ की 48 एकड़ जमीन भी चिन्हित की गई है और उसे भी हरा-भरा किया जाएगा।
नगर निगम ने अभी एक लाख गड्ढे भी करवा दिए हैं, ताकि अभी इनमें पौधारोपण किया जा सके। मानसून की शुरुआती बारिश भी इंदौर में हो चुकी है और अभी आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना है, जिसके चलते 21 लाख पौधे लगाने का जो संकल्प इस बार लिया गया है उस पर काम शुरू किया जाएगा। उद्यान समिति की बैठक में कल बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाले पेड़, डगालों और अन्य ग्रीन वेस्ट को भी समय पर उठवाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कल श्री विजयवर्गीय द्वारा ली जा रही बैठक में भी पौधारोपण अभियान को लेकर चर्चा की जाएगी, जिसमें महापौर, सभी विधायक, पार्षद व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि श्री विजयवर्गीय लाखों पौधे हर साल लगवा रहे हैं और प्रधानमंत्री के एक पौधा माँ के नाम अभियान के तहत भी माँ की बगिया कई जगह विकसित की गई।
कोचिंग संस्थाओं-लाइब्रेरी में होगी फायर के लिए मॉकड्रिल भी
अभी प्रशासन और निगम ने आगजनी की घटनाओं को देखते हुए लगभग 200 बिल्डिंगों को सील करने की कार्रवाई भी की, जिसमें कोचिंग संस्थाएं, हॉस्पिटल, होटल सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल रहे। आयुक्त के निर्देश पर कल फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें अपर आयुक्त प्रखर सिंह, एसडीएम घनश्याम धनगर, फायर ऑफिसर विनोद मिश्रा सहित कोचिंग संस्थाओं और लाइब्रेरी संचालक मौजूद रहे, जिसमें सभी संचालकों से कहा गया कि फायर सेफ्टी के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें।
मेघदूत उपवन में विकसित ब्रिक्स वाटिका का भी करेंगे रखरखाव
अभी ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान देसी-विदेशी मेहमानों ने मेघदूत उपवन में बनाई ब्रिक्स वाटिका में पौधारोपण किया। अब उसके रख-रखाव की तैयारी भी निगम ने की है, ताकि अब ब्रिक्स वाटिका भी बेहतर तरीके से विकसित हो सके। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने विकास कार्यों के साथ-साथ मेघदूत उपवन, नरवल क्षेत्र के ग्रीन बेल्ट और एडवांस एकेडमी से निपानिया की निर्माणाधीन सडक़ का अवलोकन भी किया। मेघदूत उपवन में ब्रिक्स वाटिका भी देखी और उद्यान परिसर में ही पौधारोपण के लिए निर्धारित स्थानों पर गड्ढे खोदने और पौधों के संरक्षण के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा और सिंचाई के लिए ट्रीटेड वॉटर व्यवस्था की भी जानकारी ली। इसी तरह नरवल क्षेत्र स्थित ग्रीन बेल्ट के निरीक्षण में पौधारोपण के लिए खोदे गए गड्ढोंके साथ ही उन्होंने लगाए जाने वाले पौधों की प्रजातियों, उनकी संख्या और उसके बाद रख-रखाव कार्य योजना की जानकारी भी अधिनस्थ अधिकारियों से ली और कहा कि स्थानीय जलवायु के अनुरूप अधिक से अधिक छायादार और पर्यावरण के अनुकुल पौधों का ही रोपण और संरक्षण करवाया जाए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved