
इंदौर। कलेक्टोरेट के एक कर्मचारी ने बीते दिनों जहर खा लिया था, उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें मौत के जिम्मेदारों के नाम लिखे हैं। 33 साल के रूपेश पिता मंगल निवासी विद्या पैलेस एरोड्रम ने बीती 31 तारीख को जहर खा लिया था। उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह कलेक्टोरेट में टाइपिस्ट था। उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि पत्नी रोहिणी, उसकी मां और उसके भाई से परेशान हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार ये तीनों लोग हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
15 दिन पहले आए रिजल्ट में सप्लीमेंट्री आई…फांसी के फंदे पर लटकी मिली
एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारण का खुलासा नहीं हुआ है। संयोगितागंज पुलिस ने बताया कि छावनी की रहने वाली 19 साल की पूजा को फंदे से उतारकर एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत बता दिया। प्रारंभिक पड़ताल में यह बात सामने आ रही है कि पूजा मूल रूप से यूपी की रहने वाली थी। उसके माता-पिता नहीं थे। यहां रहकर वह 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। कल उसने सहेली को पेट दर्द होने की बात बताई थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। 15 दिन पहले उसका 12 वीं का रिजल्ट भी आया था, जिसमें सप्लीमेंट्री आई थी। हालांकि आत्महत्या का कारण स्पष्ट रूप से अभी कहा नहीं जा सकता। पुलिस मौके से सुसाइड नोट और मोबाइल में आत्महत्या से जुड़े सबूत खंगालने की कोशिश कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved