
इंदौर। छावनी अनाज मंडी में आज नीलामी नहीं हो रही है। बाहर से आए किसान परेशान हो रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि नो एंट्री के चलते रात 10 बजे के बाद ट्रकों का प्रवेश शुरू होता है, जिसके चलते हमें आधी रात तक काम जारी रखना पड़ता है। व्यापारी दोपहर और रात 8 बजे ट्रकों का प्रवेश चाहते हैं।
शहर के मध्य छावनी अनाज मंडी में नो एंट्री के चलते व्यापारियों का माल फैक्ट्री तक ले जाने के लिए रात 10 बजे के बाद ट्रकों को प्रवेश मिल पा रहा है, जिसके चलते उन्हें देर रात तक काम करना पड़ता है, जिससे वह दिन में किसानों की नीलामी में ठीक से शामिल नहीं हो पाते और ज्यादा आवक होने पर मंडी में और दिक्कतें बढ़ जाती हैं। इंदौर अनाज व्यापारी तिलहन संघ अध्यक्ष मनोज काला ने बताया कि पहले भी मंडी की चि_ी और बिल्टी दिखाकर ट्रकों को प्रवेश दिया जाता था।
तकरीबन 2 महीना पहले एयरपोर्ट रोड पर हुए हादसे के बाद सख्ती की गई और नो एंट्री में ट्रकों को नहीं आने देने से व्यापारियों को आधी रात तक काम करना पड़ रहा है। व्यापारी एडीएम रोशन राय और मंडी सचिव रामवीर किरार को लगातार समस्याओं से अवगत करा रहे हैं। आज नीलामी बंद कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इधर, बाहर से उपज बेचने आए किसान परेशान हो रहे हैं। मंडी प्रभारी रामवीर किरार ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को देखते हुए अधिकारियों से चर्चा कर ली गई है। रात 9 बजे के बाद प्रवेश दिया जाएगा। आवश्यकता होने पर इसमें भी संशोधन करेंगे। व्यापारी लिखित में आदेश के लिए अड़े हुए हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved