
इंदौर। सावन का डेढ़ सप्ताह शेष बचा है। बीते दिनों में लोगों को गर्मी और उमस ने परेशान कर दिया था। हलकी बारिश ने राहत दी है, लेकिन तेज बारिश के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे।
इस बार बारिश की बेरुखी साफ झलक रही है। सावन के महीने में भी लोग तेज गर्मी से बेहाल हैं। सोयाबीन की फसल फ्लॉवरिंग स्टेज में है। तेज धूप फसलों को नुकसान पहुंचा रही थी। कल की करीब आधा इंच बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है। मुरझाई फसलों में जोश भर आया है, पर सोयाबीन की फसल को तेज बारिश की जरूरत बनी हुई है। मौसम के बदलाव से तेज गर्मी व उमस से हलकी राहत मिली है, वहीं 33 डिग्री चल रहा अधिकतम तापमान 30 डिग्री के करीब आने की संभावना है। सावन महीने के करीब 20 दिन बीतने के बाद हवाओं की गति पूर्व और दक्षिण होते ही कल हलकी बारिश से इंदौर में बारिश का आंकड़ा करीब 11 इंच औसत पहुंच रहा है। हालांकि शहर में ही बारिश के तीन अलग-अलग आंकड़े आ रहे हैं। जिले में देपालपुर व सांवेर क्षेत्र में बारिश की स्थिति इंदौर शहर से बेहतर बताई जा रही है। ग्रामीण मौसम सेवा केंद्र इंदौर की मानें तो 2 से 3 दिन हलकी बारिश की संभावना है, पर तेज बारिश के आसार अभी भी नहीं लग रहे।
सुबह आसमान साफ, उमस के बाद छाएंगे बादल
शनिवार सुबह आसमान साफ नजर आ रहा था, लेकिन दोपहर में बादलों का दौर रहने की पूरी उम्मीद है। हालांकि इससे उमस का सामना तो करना ही होगा, इसके बाद शाम होने तक बारिश की भी संभावना बताई जा रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved