ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर (Gwalior) जिले में कई दिनों से लापता 12 वर्षीय बच्ची का शव भिंड जिले के मौ क्षेत्र में सिंध नदी (Sindh River) किनारे संदिग्ध परिस्थितियों (under suspicious circumstances) में बरामद हुआ है। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची की मां और सौतेले पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची का शव नदी किनारे दबा हुआ मिला था और उसकी हालत बेहद खराब थी। प्रारंभिक आशंका है कि शव का कुछ हिस्सा जंगली जीव या मगरमच्छों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया हो सकता है। बच्ची का चेहरा भी बुरी तरह खराब मिला है, जिससे पहचान में कठिनाई हुई।
पूछताछ के दौरान सौतेले पिता ने पुलिस को बताया कि 24 मई को बच्ची ने कथित रूप से घर में फांसी लगा ली थी। उसने दावा किया कि बदनामी और पुलिस कार्रवाई के डर से वह शव को भिंड के मौ इलाके में ले गया और सिंध नदी किनारे दफना दिया। हालांकि, पुलिस सौतेले पिता के इस बयान को पूरी तरह स्वीकार नहीं कर रही है और हर पहलू से जांच जारी है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस को पता चला कि 25 मई को बच्ची के सौतेले पिता ने ही सिरोल थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती पूछताछ के दौरान पिता के बयान और व्यवहार संदिग्ध लगे, जिसके बाद उस पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
जांच के दौरान जब पुलिस को भिंड जिले के मौ क्षेत्र में सिंध नदी किनारे बच्ची का शव मिला, तो मामला पूरी तरह बदल गया। अब पुलिस यह जानने में जुटी है कि बच्ची की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। शव की स्थिति खराब होने के कारण मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमॉर्टम कराए जाने की संभावना है।
अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बच्ची की मौत फांसी से हुई या फिर मामला हत्या से जुड़ा है। फिलहाल पुलिस हत्या के एंगल को भी खारिज नहीं कर रही है।
टैक्सी चालक है सौतेला पिता
पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची का सौतेला पिता ट्रैवल्स एजेंसी के लिए ईको वैन टैक्सी चलाता है। परिवार में बच्ची की 6 और 8 साल की दो छोटी बहनें भी हैं। जानकारी के अनुसार, बच्ची पिछले करीब आठ वर्षों से सौतेले पिता के साथ रह रही थी। उसका जैविक पिता भिंड में रहता है, जबकि उसकी मां ने पहले पति से अलगाव के बाद दूसरी शादी की थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved