
इंदौर। नगर निगम द्वारा बारिश के मौसम को देखते हुए स्टार्म वाटर लाइन के 19000 चेंबर साफ करने के लिए अभियान शुरू किया गया है। इस कार्य में दो ठेकेदारों की चार टीमों को लगाया गया है। तैयार किए गए शेड्यूल के अनुसार 13 जून तक यह काम पूरा होगा।
निगम के जनकार्य विभाग द्वारा शहर के सभी 22 जोनल कार्यालय के क्षेत्र में डाली गई स्टार्म वाटर लाइन के चेंबर साफ करने का अभियान शुरू किया गया है, ताकि जब बारिश का पानी गिरे तो वह आसानी के साथ निकल सके और लाइन के चोक होने के कारण पानी का जमाव नहीं हो। इसके लिए समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। निगम द्वारा इस कार्य को करने के लिए अनुबंध किए गए ठेकेदार में मे. श्री दास एंड कंपनी तथा मे. गीता इंटरप्राइजेज की दो-दो टीमों को इस कार्य पर लगाया गया है।
इनमें से एक ठेकेदार एजेंसी को 11 जोनल कार्यालय के क्षेत्र में काम करने की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों एजेंसी का हर दिन का शेड्यूल तय कर दिया गया है। कौन से दिन कौन सी एजेंसी की टीम कौन से जोनल कार्यालय के क्षेत्र में काम करेगी यह निश्चित हो गया है। इस बारे में हर दिन का शेड्यूल तैयार करते हुए वह शेड्यूल सभी जोनल अधिकारियों को भेज दिया गया है, ताकि वह अपने जोनल कार्यालय में जिस दिन काम हो रहा हो उस दिन इस काम की निगरानी कर सकें।
ठेकेदार के माध्यम से बेहतर तरीके से काम को अंजाम दिलवा सकें। निगम के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर ने बताया कि इस कार्य को कल से शुरू किया गया है और 13 जून को कंप्लीट कर लिया जाएगा। दोनों एजेंसी की जो दो टीमें निकलेंगी उन टीमों में इतने सदस्य होंगे कि यह टीम एक साथ 10 चेंबर की सफाई करने का काम कर सकेगी। पूरे शहर में स्टार्म वाटर लाइन के 19000 चेंबर हैं। यह सभी चेंबर 13 जून तक हर हालत में साफ हो जाएं यह सुनिश्चित किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved