
इंदौर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर पुराने भवन को तोड़े जाने का काम शुरू हो गया है। रेलवे ने 12 जून से स्टेशन के संचालन और सिग्नलिंग व्यवस्था को नए स्टेशन भवन में शिफ्ट कर दिया था। इसके बाद अब पुराने भवन को हटाने का काम शुरू किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार भवन हटते ही खाली हुई जगह पर दो अतिरिक्त ट्रैक और नए प्लेटफॉर्म के निर्माण का काम तेज किया जाएगा। जुलाई के पहले सप्ताह तक नए ट्रैक और प्लेटफॉर्म का बड़ा हिस्सा तैयार करने का लक्ष्य है। करीब 55 करोड़ रुपए की लागत से हो रहे इस पुनर्विकास में नया दो मंजिला स्टेशन भवन, 36 फीट चौड़ा फुटओवर ब्रिज, तीन लिफ्ट और हाई लेवल प्लेटफॉर्म तैयार किए जा रहे हैं।
भागीरथपुरा की ओर दो नए प्लेटफॉर्म भी विकसित किए जा रहे हैं। रेलवे का मानना है कि काम पूरा होने के बाद लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन इंदौर के वैकल्पिक टर्मिनल के रूप में विकसित होगा। इससे इंदौर मुख्य स्टेशन पर दबाव कम होगा, स्टेशन पुनर्विकास कार्य को गति मिलेगी और सिंहस्थ के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन में भी सुविधा होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved