
इंदौर। दुनिया भर में ईरान, इराक और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते ऊर्जा संकट और गैस आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। ऐसे माहौल में इंदौर में गैस सिलेंडर चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसने गैस टंकियों की बढ़ती मांग को कमाई का जरिया बना लिया। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने गैस टंकी चोरी करने वाले चार आरोपियों को 34 घरेलू गैस टंकियों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गैस टंकी वेंडर बनकर घरों घुसते थे और टंकी लेकर रफूचक्कर हो जाते थें।
तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार 10 जून को फरियादी कमलेश की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने तेजाजी नगर के अलावा राऊ, खजराना, आजाद नगर और अन्य थाना क्षेत्रों में भी गैस टंकियां चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 गैस टंकियां, वाहनों में उपयोग होने वाली बैटरियां तथा वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद माल की कीमत करीब चार लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपियों में राहुल और सौरव पहले गैस एजेंसियों में काम कर चुके हैं, जिससे उन्हें सिलेंडर के कारोबार और उसकी बिक्री की पूरी जानकारी थी। पुलिस का दावा है कि गिरोह अब तक करीब 50 गैस टंकियां चोरी कर चुका है। चोरी की कुछ टंकियां आम लोगों और कुछ गैस एजेंसियों को बेची गई हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह से पूछताछ कर अन्य वारदातों और खरीदारों की जानकारी जुटा रही है।