
कल भोपाल पहुंचकर होगा सीएम हाउस का घेराव
इंदौर। छात्रों (Students) की गूंज अभियान के तहत शिक्षा व्यवस्था (Education System) में हो रहे भ्रष्टाचार और बार-बार पेपर लीक (Paper leak) को लेकर आज इंदौर (Indore) से भोपाल (Bhopal) तक जेन-जी साइकिल रैली की शुरुआत हुई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं का हुजूम नजर आया।
रैली का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने किया। वे खुद भी साइकिल चलाकर रैली में शामिल हुए। पटवारी के नेतृत्व में सभी नेता कल भोपाल पहुंचेंगे। रीगल तिराहे से शुरू हुई साइकिल रैली में पूर्व मंत्री सचिन यादव, सज्जनसिंह वर्मा, एआईसीसी सचिव सत्यनारायण पटेल, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी साइकिल के साथ शामिल हुए। रैली को लेकर कई दिनों से ग्रामीण और शहर के नेता तैयारी कर रहे थे। उसका परिणाम भी आज देखने को मिला। रैली में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। हालांकि जैसे-जैसे रैली आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे उसमें से साइकिल सवार कार्यकर्ता कम होते गए। इंदौर से रैली में शेख अलीम, अमन बजाज, पिंटू जोशी, सोनिला मिमरोट, रुबीना खान, दीपू यादव, संजय बाकलीवाल, अमित पटेल, राजेश चौकसे आदि शामिल हुए। इस मौके पर पूर्व मंत्री सचिन यादव ने कहा कि पूरे देश में शिक्षा माफिया सक्रिय है, जिसका प्रमाण आज इतनी बड़ी संख्या में आए युवा हैं। एआईसीसी सचिव सत्यनारायण पटेल ने भी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी सडक़ से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ रहे हैं। आमजन की आवाज को लेकर आज से संघर्ष शुरू किया जा रहा है। सज्जनसिंह वर्मा ने भी कहा कि नीट के पेपर बार-बार लीक होते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आंखें बंद कर बैठे हैं। आखिर में पटवारी ने कहा कि हमारा उद्देश्य पवित्र है। 25 साल से भाजपा की सरकार है, लेकिन शिक्षा को लेकर गंभीरता नहीं है। आज छात्रों की गूंज इसका प्रमाण है। पेपर लीक में जो नाम आते हैं, वे भाजपा और आरएसएस के लोगों के ही आते हैं। उन्होंने शिक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठाए। स्कूल एजुकेशन में ड्रॉपआउट इतना खराब है कि युवा परेशान हो रहा है। नीट परीक्षा पेपर लीक में धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। हमारी मांग है कि पहली से बारहवीं तक की पढ़ाई नि:शुल्क करें। ज्यादा देर वे नहीं बोले और कहा कि वे बीच-बीच में सबको संबोधित करते रहेंगे।
कांग्रेसियों के चालान बनाने के महापौर ने दिए निर्देश
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कांग्रेस द्वारा साइकिल यात्रा के नाम पर जो कचरा रीगल तिराहा पर फैलाया गया है उसका चालान बनाकर कांग्रेस के नेताओं से जुर्माना वसूल किया जाए। आज सुबह यह यात्रा शुरू होने के बाद उन्होंने निगम के अधिकारियों को कहा कि पूरे यात्रा मार्ग को देखकर अलग-अलग चालान बनाएं। इसके साथ ही कचरे की सफाई भी की जाए।
इंदौर की सीमा तक शहरी कांग्रेसियों का हुजूम… पटवारी जैसे-जैसे आगे बढ़े दूसरे इलाकों के युवा जुड़ते गए
जैसे ही रैली रीगल तिराहे से शुरू हुई, वैसे ही आगे-आगे जीतू पटवारी और दूसरे नेता तो निकल गए, लेकिन पीछे-पीछे कई युवा ऐसे थे, जो मौका पाकर साइकिलों के साथ वापस लौट गए। हाईकोर्ट के सामने एनएसयूआई का मंच भी लगा था। जब पटवारी यहां पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। इंदौर की सीमा तक युवाओं का बड़ा हुजूम था, लेकिन शहर की सीमा समाप्त होते ही कई कांग्रेसी लौट गए और कुछ साइकिल सवार ही पटवारी के साथ गए। इंदौर की सीमा के बाद जहां-जहां से रैली गुजरी, वहां से युवा जुड़ते गए। यह रैली कल भोपाल पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
झलकियां
– इंदौर से भोपाल तक की साइकिल यात्रा अपने निश्चित समय से 2 घंटे विलंब से शुरू हुई।
– साइकिल यात्रा में बैंड-बाजे, ढोल-ढमाके भी शामिल थे।
– कार्यक्रम में नेताओं के भाषण देने के लिए बनाई गई गाड़ी पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता जाकर खड़े हो गए।
– शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे को माइक पर कहना पड़ा कि गाड़ी पर से नेता उतर जाएं, वरना गाड़ी टूट जाएगी।
– रैली शुरू होने से पहले विश्वविद्यालय के गेट के पास में रैली में शामिल होने वाले लोगों को टी-शर्ट बांटी गई।
– रैली में शामिल लोगों पर रीगल तिराहा पर बनाए गए मंच से तिरंगी पन्नी और फूल बरसाए गए। इससे वहां पर कचरे का ढेर लग गया।
– साइकिल यात्रा में महिला कांग्रेस की नेत्रियां साइकिल लेकर नजर नहीं आईं।
– साइकिल यात्रा का रास्ते में भी मंच लगाकर स्वागत किया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved