
उज्जैन। सीवरेज प्रोजेक्ट के तहत टाटा कंपनी की लापरवाही एक बार फिर शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गई। प्रेम छाया से भाट गली चौराहे तक पाइप लाइन डालने के लिए पिछले छह महीने में चौथी बार बीच सड़क की खुदाई की गई, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क पर सीमेंट-कांक्रीट नहीं किया गया। लगातार बारिश से खुदाई वाली जगह पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए।
सोमवार सुबह एक माल से लदा आईशर वाहन इस मार्ग से गुजर रहा था। वाहन का पिछला पहिया गड्ढे में धंस गया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। सुबह करीब 11 बजे तक वाहनों की कतार लगी रही और लोगों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि बार-बार सड़क खोदने और समय पर मरम्मत नहीं करने से यह स्थिति बनी है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि सोमवार शाम को भगवान महाकाल की पहली शाही सवारी इसी क्षेत्र से होकर निकलेगी। ऐसे में इस मार्ग पर श्रद्धालुओं और वाहनों का भारी दबाव रहता है। इसके बावजूद सड़क की हालत नहीं सुधारी गई। लोगों का कहना है कि सीवरेज प्रोजेक्ट के नाम पर पिछले आठ वर्षों से शहर की सड़कें बार-बार खोदी जा रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं मिल पाया। अब महाकाल सवारी से पहले प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved