
जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल देश के लिए प्रेरणादायी रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी नई पहचान और मजबूत प्रतिष्ठा स्थापित की है। प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्षों की यात्रा केवल राजनीतिक उपलब्धियों का विषय नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की यात्रा है।
यह बात लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने पश्चिम विधानसभा के महर्षि वाल्मीकि मंडल की मंडल कार्यसमिति बैठक में रामपुर में कही। भाजपा द्वारा पश्चिम विधानसभा के महर्षि वाल्मीकि मंडल, केंट विधानसभा के अटल बिहारी बाजपेई मंडल, वीर सावरकर मंडल, शहीद भगत सिंह मंडल, छत्र पति शिवाजी मंडल, पूर्व विधानसभा के तिलक मंडल, मुखर्जी मंडल एवं उत्तर विधानसभा के विवेकानंद मंडल में कार्यसमिति का आयोजन किया गया। मंडल कार्यसमिति में मंत्री राकेश सिंह ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों को पक्के आवास, करोड़ों परिवारों तक नल से जल, उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति, आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, जनधन खातों के माध्यम से आर्थिक समावेशन, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और महिलाओं के सशक्तिकरण सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुविधा पहुंचाने का कार्य किया है। इन योजनाओं ने शासन और गरीब के बीच की दूरी कम करने का काम किया है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयासÓ केवल नारा नहीं, बल्कि देश के विकास की कार्यपद्धति है। केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं का उद्देश्य यही है कि विकास का लाभ समाज के उस व्यक्ति तक भी पहुंचे, जो लंबे समय तक सुविधाओं और अवसरों से वंचित रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को पार्टी कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर और विधायक अशोक रोहाणी ने भी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।