
महिदपुर। शासन की जनहितैषी योजनाएं जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी और ठेकेदारों की लापरवाही के चलते ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। ऐसा ही मामला ग्राम खेड़ाखजूरिया में नलजल योजना के तहत किए कायों में सामने आया है। योजना के अंतर्गत गांव के प्रमुख सीसी मार्गों को पाइप लाइन डालने के लिए खोदा गया था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई।
इसके चलते मार्ग कई दिनों से बदहाल स्थिति में है। ग्रामीणों के अनुसार पाइप लाइन डालने के बाद संबंधित ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण के लिए आवश्यक सीसी कार्य नहीं कराया गया। पाइप लाइन के ऊपर का मटेरियल हटाकर जिम्मेदार मार्ग को उसी स्थिति में छोड़ दिया है। इससे सड़क पर गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ स्थिति बन गई है। वर्तमान में हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को पैदल निकलने में भी परेशानी हो रही है, वहीं मोटरसाइकिल निकालना तक मुश्किल हो गया है। ठेकेदार की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की अनदेखी को लेकर सरपंच सहित ग्रामीणों में आक्रोश है। सरपंच शिवनारायण परिहार, उपसरपंच वीरेंद्र सिंह, विजय जैन, प्रेम माली, पर्वतलाल सहित ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए संबंधित अधिकारियों से खोदे गए मागों का पुन: सीसी निर्माण कराने तथा गांव में नियमित और सुचारू जलप्रदाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved