
इंदौर। खान-पान (Food and Drink) के लिए मशहूर इंदौर (Indore) के चर्चित व्यंजनों में सबसे अधिक पोहा (Poha) भी देश-विदेश में लोकप्रिय है। बाहर से आने वाले मेहमान इंदौरी पोहे-जलेबी का आनंद लेने से वंचित नहीं रहते और अभी दिल्ली में जो 45वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला ( International Trade Fair) चल रहा है उसमें भी इंदौरी पोहे की धूम मची है।
रेडी टू ईट पोहे के रूप में इसे मेले में प्रस्तुत किया और गर्म पानी में लगभग 10 मिनट रखने पर ही यह पोहा खाने के लिए तैयार हो जाता है, जिसके चलते देश के अन्य शहरों के साथ-साथ अब यह इंदौरी पोहा अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी पकड़ बनाएगा। मेले में कई देसी-विदेशी व्यापारियों ने इस रेडी टू ईट पोहे में अपनी विशेष रुचि दिखाई है। वहीं प्रदेश के अन्य उत्पादों में बुरहानपुर के केले से बनी झाड़ू, बास्केट, योग मेट भी चर्चा में है। व्यापार एवं उद्योग विभाग के संयुक्त संचालक एस.एस. मंडलोई ने बताया कि 13 नवंबर से प्रारंभ हुए इस मेले में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के विशिष्ट उत्पादों, खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, हथकरघा और नवाचार आधारित उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला प्रदेश के उद्यमियों और स्टार्टअप के लिए अपने उत्पादों की गुणवत्ता, उपयोगिता और विशिष्टता को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है। यहां उन्हें विभिन्न राज्यों और देशों से आए व्यापारियों, निवेशकों, वितरकों तथा संभावित खरीदारों से संवाद करने का अवसर मिल रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved