विदेश

अफगानिस्तान में अचानक आई बाढ़ ने मचाई भारी तबाही, 300 लोग मारे गए

 


काबुल: अफगानिस्तान (Afghanistan) में अचानक आई बाढ़ (flood) ने तबाही मचाई है। सैकड़ों लोग मारे गए और हजारों घर तबाह हुए हैं। शुक्रवार को आई अचानक बाढ़ से 300 से ज्यादा लोगों की मौत (300 people died) हो गई है। शुक्रवार को भारी बारिश के बाद गांवों और कृषि भूमि में नदियों का पानी आने के बाद आपातकाल की स्तिथि की घोषणा की गई। अफगानिस्तान से आए फुटेज में देखा जा सकता है कि सड़कों पर पानी की तेज धार है। बच्चे रो रहे हैं और लोगों का एक समूह बाढ़ से अपने घरों को तबाह होता हुआ देख रहा है। हवाई तस्वीरों में दिख रहा है कि कच्चे मकान पानी में डूब गए हैं। सिर्फ उनकी छतें दिख रही हैं।


संयुक्त राष्ट्र खाद्य एजेंसी ने शनिवार को कहा कि 1,000 से अधिक घर नष्ट हो गए। विश्व खाद्य कार्यक्रम ने कहा कि वह पिछले कुछ हफ्तों में अफगानिस्तान में आई बाढ़ पीड़ितों को खाद्य सामग्री वितरित कर रहा है। ज्यादातर पीड़ित उत्तरी प्रांत बगलान में हैं, जहां शुक्रवार को बाढ़ आई है।

पड़ोसी तखर प्रांत में, सरकारी स्वामित्व वाले मीडिया संस्थानों ने बाढ़ से कम से कम 20 लोगों की मौत होने की खबर दी है। तालिबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘इस विनाशकारी बाढ़ में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है और काफी संख्या में लोग घायल हुए हैं।’

लोगों को बचाने में लगा तालिबान
मुजाहिद ने बदख्शां, बगलान, घोर और हेरात प्रांतों को सबसे ज्यादा प्रभावित बताया। उन्होंने कहा कि ‘व्यापक तबाही’ के परिणामस्वरूप ‘काफी वित्तीय नुकसान’ हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों को बचाने, घायलों को उपचार के लिए ले जाने और शवों को निकालने के लिए सभी उपलब्ध संसाधन जुटाने का आदेश दिया है। तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि देश की वायुसेना ने पहले ही बगलान में लोगों को निकालना शुरू कर दिया है और बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को बचाया है और 100 घायलों को क्षेत्र के सैन्य अस्पतालों में पहुंचाया है।

इन देशों में भी देखी गई तबाही
अफगानिस्तान में कृषि भूमि तबाह हुई है। इसी तरह की तबाही ब्राजील में भी देखने को मिली है, जहां भारी बारिश से ग्रांडे डो सुल में ऐतिहासिक बाढ़ देखने को मिली। इससे मरने वालों की संख्या 126 हो गई। ब्राजील के सबसे दक्षिणी राज्य में तूफान और बाढ़ की मार पड़ी है, जिससे 34,000 लोग विस्थापित हो गए। 141 लोग लापता हैं। ब्राजील से आई तस्वीरों में देखा गया विनाशकारी बाढ़ के कारण फुटबॉल स्टेडियम और एयरपोर्ट डूब गए। दुबई में भी पिछले महीने आई बाढ़ से 1 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है।

Share:

Next Post

4 बजे खुला स्ट्रांग रूम, 7 बजे तक मशीनें विधानसभावार जमाईं

Sun May 12 , 2024
इन्दौर। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुबह 4 बजे से खुले स्ट्रांग रूम से मशीनें 7 बजे तक मतदान दलों की टेबलों पर पहुंचा दी गईं। अधिकारी इस बार मशीन लेकर दलों का इंतजार करते नजर आए। ई-रिक्शा के माध्यम से विधानसभावार मशीनों को पहुंचाने का सिलसिला शुरू होते ही शॉपिंग ट्रॉलियां भी नजर आने लगीं। […]