भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

किसानों को कृषि कानून के फायदे बताएगी भाजपा

  • किसान आंदोलन के बीच कल से भाजपा की देशव्यापी रणनीति
  • बड़े नेता प्रदेश भर में करेंगे प्रेस कॉफ्रेेंस, आंदोलन के बीच बताएंगे कांग्रेस का हाथ

भोपाल। कृषि कानूनों के विरोध में देश में जारी किसान आंदोलन के बीच भाजपा कानून का फायदा गिनाने के लिए किसानों के बीच जा रही है। भाजपा हाईकमान ने सभी राज्यों को 14 से 16 दिसंबर तक देशभर में नेताअेां को सभा करने, पत्रकारवार्ता करने और किसान सभाएं करने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत मप्र में भारतीय जनता पार्टी के नेता कल से किसान के बीच कृषि कानूनों का फायदा बताने जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य नेता सभा करेंगे। किसान सभा के बीच भाजपा किसान आंदोलन के पीछे कांग्रेस की साजिश बताएगी। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार कृषि बिल को लेकर किसानों के बीच जनजागरण अभियान, किसान सम्मेलन एवं व्यापक जनसंपर्क अभियान आयोजित होगा। कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने किसान सम्मेलन, जनजागरण अभियान एवं व्यापक जनसंपर्क अभियान को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में कृषि मंत्री कमल पटेल, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, श्री हरिशंकर खटीक, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर समेत अन्य नेता शामिल हुए।

किसान मोर्चा भी सक्रिय
भाजपा हाईकमान के निर्देश पर प्रदेश भर में किसान सम्मेलन होने जा रहे हैं 15 एवं 16 दिसंबर को नेताओं के कार्यक्रम होने के बाद किसान मोर्चा गांव-गांव किसान के बीच जाएगा। साथ ही कृषि कानून के फायदे बताए जाएंगे। इसके लिए किसानों को बाकायदा एक पेंपलेट दिया जाएगा। जिसमें लिखा होगा कि नए कृषि कानून से किसान की जिंदगी में क्या बदलाव आएगा।

15 से संभाग स्तर पर होंगे किसान सम्मेलन
मप्र में 15 दिसंबर से शुरू होने वाले किसान सम्मेलनों में अलग अलग संभागों में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्टी के वरिष्ठ नेतागण शामिल होंगे। 15 दिसंबर को भोपाल में नर्मदापुरम एवं भोपाल संभाग के किसान सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा संबोधित करेंगे। 15 दिसंबर को उज्जैन में संभागीय किसान सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं केन्द्रीय मंत्री थावरचन्द गेहलोत, 16 दिसंबर को जबलपुर में संभागीय किसान सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं केन्द्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, 16 दिसंबर को रीवा में शहडोल एवं रीवा संभाग के किसान सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा संबोधित करेंगे। ग्वालियर संभाग में होने वाले किसान सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर शामिल होंगे।

Share:

Next Post

किसानों को बहका रहे हैं बिचौलिए और विपक्षी पार्टी, नए कानूनों से बदलेगी किसान की तकदीर

Sun Dec 13 , 2020
भोपाल। किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने नवीन कृषि विधेयकों को किसानों की तकदीर बदलने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि इससे किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य के भरोसे रहने के बजाय स्वयं अपनी कृषि उपज के उत्पाद तैयार कर उन्हें एमआरपी पर बेच सकेंगे। पटेल ने किसानों से आह्वान किया है कि […]