
जबलपुर। मैहर माता के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक फोरव्हीलर वाहन सोमवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। सिहोरा थाना क्षेत्र के बरगी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पुल की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन सड़क किनारे बने नाले में जा घुसा। गनीमत रही कि वाहन पुल से नीचे गहरी खाई में नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कुल 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस के अनुसार दमोह जिले के तेंदूखेड़ा निवासी घनश्याम गौड़ (38 वर्ष) अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मैहर माता के दर्शन करने गए थे। इसके लिए उन्होंने कार क्रमांक एमपी 20 एसजी 8026 किराए पर ली थी। वाहन को चालक बलराम पटेल चला रहा था। श्रद्धालुओं का दल दर्शन के बाद सोमवार सुबह लगभग 9 से 10 बजे के बीच मैहर से अपने घर तेंदूखेड़ा लौट रहा था। वापसी के दौरान जब वाहन सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरगी के पास पहुंचा, तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे पुल की दीवार से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन सड़क किनारे बने नाले में घुस गया। हादसे के समय वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस पुल पर हादसा हुआ, उसके नीचे गहरी खाई है। यदि कार पुल की दीवार तोड़कर नीचे गिर जाती तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था। कार के पुल की दीवार से टकराने के कारण उसकी रफ्तार रुक गई और वाहन खाई में गिरने से बच गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved