उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

उज्जैन के गौरव दिवस में शामिल हुए मुख्यमंत्री, शान की संगीत निशा हुई

  • अवन्तिका तीन लोक से न्यारी, कितनी प्यारी है, इस अद्भुत नगरी में सबकुछ अलौकिक है -मुख्यमंत्री श्री चौहान

उज्जैन। उज्जैन के गौरव दिवस तथा भारत उत्कर्ष नवजागरण के विक्रमोत्सव कार्यक्रम का आयोजन शिप्रा तट दत्त अखाड़ा घाट पर किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह शामिल हुए। इस दौरान प्रसिद्ध पाश्र्व गायक शान और उनके दल की संगीत निशा हुई जो देर तक चली और लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उज्जयिनी का जन्म उत्सव है। अवन्तिका नगरी तीन लोक से न्यारी और प्यारी है। उज्जयिनी नगरी अलौकिक और अद्भुत नगरी है, जो अपनी संस्कृति और परम्परा को सहेजे हुए है। यहां आकर हमेशा एक अद्भुत और दिव्य अनुभव होता है। आज का दिन अद़भुत है, आज गुड़ी पड़वा है। इस दिन विक्रम संवत का प्रारम्भ हुआ। सम्राट विक्रमादित्य ने उस काल में शकों और हुणों को पराजित कर विजयी भारत की नींव रखी। सनातन नया वर्ष आज प्रारम्भ हो रहा है और इसी दिन 2005 से हमने विक्रमोत्सव मनाना शुरू किया था। सृष्टि को आरम्भ हुए एक अरब 95 करोड़ 58 लाख 85 हजार 124 वर्ष हो गये हैं। उज्जैन की अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है जो युगों से पल्लवित होती रही है। युग बदलते गये और उज्जैन को कभी उज्जयिनी, अवन्तिका, कनकश्रृंगा आदि नामों से जाना जाता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरूड़ पुराण में उज्जैन को सर्वश्रेष्ठ नगरी बताया गया है। पार्वती मां के कहने पर भगवान शिव ने उज्जयिनी नगरी बसाई थी। इसीलिये उज्जयिनी नगरी को विशाला भी कहते हैं।


महाकाल लोक के बाद ओरछा में राम लोक का निर्माण होगा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण से न केवल मध्य प्रदेश अपितु देश में उज्जैन का नाम गौरवान्वित हुआ है। पूरे विश्व में भारत और महाकाल लोक छाये हुए हैं। विदेशी पर्यटक भी उज्जैन आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई माह तक महाकाल लोक का दूसरा भाग तैयार हो जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे और भी नये आयाम प्रदेश स्थापित करेगा। महाकाल लोक के बाद ओरछा में राम लोक, चित्रकूट में वनवासी लोक, सलकनपुर धाम में देवी लोक बनायेंगे। गौरव दिवस के मौके पर उल्लेखनीय योगदान देने वाले विख्यात व्यक्तियों को उज्जयिनी गौरव रत्न सम्मान प्रदान किया। सम्मान के तहत शाल एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर डॉ.सीएम पौराणिक को, शिक्षा के क्षेत्र में डॉ.रामराजेश मिश्र, साहित्य के क्षेत्र में श्री शिव चौरसिया को, विधि के क्षेत्र में श्री कुलदीप भार्गव को, अभियांत्रिकी के क्षेत्र में श्री श्रीकान्त वैशंपायन को, ज्योतिष के क्षेत्र में श्री शिवेंद्रचंद्र द्विवेदी को, उद्योग एवं व्यवसाय के क्षेत्र में श्री मुकेश रांका को तथा खगोलशास्त्र के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने पर श्री घनश्याम रत्नानी को सम्मान प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने गौरव दिवस के अवसर पर चार पुस्तकों का विमोचन किया। इसमें अयोध्या, सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण, सम्राट विक्रमादित्य एवं जल परम्पराएं नामक पुस्तक शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नव संवतसर के कैलेण्डर का भी विमोचन किया। इसके पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन पर घाट पर भव्य एवं रंगारंग आतिशबाजी की गई। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर गौरव दिवस के कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने पांच गायकों शंकर महादेवन, अरजीत सिंह, शान, सोनू निगम एवं कैलाश खेर द्वारा गाये महाकाल के गीत को लॉन्च किया।

1 अप्रैल से शराब अहाते बंद होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अप्रैल से समूचे प्रदेश में शराब के अहाते बन्द होंगे। कोई भी व्यक्ति अहाते में बैठकर शराब नहीं पी पायेगा। साथ ही कोई सड़क पर यदि शराब पीता दिखा तो उसे डंडे भी पड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति अभियान निरन्तर चलता रहेगा। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन एवं बहादुरसिंह चौहान, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, जनप्रतिनिधि सर्वश्री विवेक जोशी, बहादुरसिंह बोरमुंडला, जगदीश अग्रवाल, विशाल राजौरिया सहित प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Share:

Next Post

शहीद दिवस पर आज सुबह भगतसिंह, सुखदेव और राजगुरु की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण

Thu Mar 23 , 2023
उज्जैन। आज ही के दिन 23 मार्च को 1930 को शहीदे आजम भगतसिंह, राजगुरु और सुखदेव को अंग्रेजों ने फाँसी की सजा दी थी। तब से इस दिन शहीद दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर आज सुबह से विभिन्न राष्ट्रवादी संस्थाओं से जुड़े लोगों ने सिंहपुरी स्थित भगतसिंह उद्यान में स्थापित शहीद भगतसिंह, सुखदेव […]