भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

बागेश्वर व पंडोखर महाराज में टकराव!

  • बागेश्वर महाराज के खिलाफ उनके ताऊ पहुंचे पंडोखर धाम

रवीन्द्र जैन, भोपाल। पूरे देश दुनिया में तेजी से लोकप्रिय हो रहे मप्र के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र शास्त्री रामकथा करने व दरबार सजाने जैसे ही लंदन रवाना हुए, उनके ताऊ ने पंडोखर धाम पहुंचकर पं. धीरेन्द्र शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर पं. गुरुशरण महाराज से मदद मांगी है। धीरेन्द्र शास्त्री पर छल पूर्वक बागेश्वर धाम की गद्दी हथियाने का आरोप लगाया गया है। पंडोखर महाराज ने बागेश्वर धाम का असली पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री के चचेरे भाई देवेन्द्र शास्त्री को घोषित करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम पर धीरेन्द्र शास्त्री का दरबार काफी चर्चित है। वे धाम पर आने वालों की समस्या को पहले से बता देते हैं। समस्या का समाधान भी बताते हैं।

भूत प्रेत की बाधा भी दूर करते हैं। देश विदेश से लाखों भक्त प्रतिदिन उनके दरबार में पहुंचते हैं। बागेश्वर महाराज ने पिछले कुछ दिनों से बागेश्वर धाम के बाहर रामकथा भी शुरू कर दी है। दमोह, बीना और इंदौर में उनकी कथा में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे। वे एक जून को कथा करने और दरबार लगाने लंदन गये हुए हैं। इधर उनके सगे ताऊ अपने बेटे पं. देवेन्द्र शास्त्री गर्ग के साथ दतिया जिले के पंडोखर धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बागेश्वर धाम का असली उत्तराधिकारी अपने बेटे देवेन्द्र को बताते हुए पंडोखर महाराज से मदद की गुहार लगाई। पंडोखर महाराज ने भी सार्वजनिक रूप से पं. धीरेन्द्र शास्त्री को असत्य व छलिया बताते हुए देवेन्द्र शास्त्री को असली पीठाधीश्वर बताते हुए बागेश्वर धाम को वापस पाने काशी में कुछ तंत्र क्रियायें करने का सुझाव दिया है। यहां बता दें कि धीरेन्द्र शास्त्री जिस तरह पर्चा बनाकर लोगों की समस्यायें बताते हैं, ठीक उसी तरह पंडोखर महाराज भी दरबार लगाकर लोगों के मन की बातें बताने और समस्या का समाधान बताते हैं।


पंडोखर महाराज ने धीरेन्द्र शास्त्री के ताऊ जी से कहा है कि आपका बेटा असली है इसलिए उसका दरबार शुरू कराओ, वह घूरे पर बैठकर भी दरबार लगायेगा तो भी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि धीरेन्द्र शास्त्री ने काशी में मृत संत सेतुलाल महाराज की आत्मा को सिद्ध कर लिया है। तंत्र विद्या से यदि सेतुलाल महाराज की आत्मा को काशी में ही स्थान मिल जाए तो धीरेन्द्र शास्त्री की शक्ति समाप्त हो जाएगी। पंडोखर महाराज ने कहा काशी में तंत्र मंत्र के लिए वे मदद को तैयार हैं। इसके अलावा धीरेन्द्र शास्त्री के चचेरे भाई यदि दरबार शुरु करते हैं तो वे उनकी मदद को छतरपुर आने तैयार हैं।

दोनों महाराज के समर्थक हुए सक्रिय
इस घटना के दतिया से छतरपुर तक इन दोनों संतों में टकराव की संभावना बढ़ गई है। दोनों संतों के समर्थक भी सक्रिय हो गये हैं। यह सही है कि फिलहाल धीरेन्द्र शास्त्री के समर्थक बड़ी संख्या में हैं। सोशल मीडिया पर बागेश्वर महाराज के भक्त पंडोखर महाराज को जमकर खरी खोटी सुना रहे हैं।

Share:

Next Post

कश्मीरी पंडितों की हत्या के बीच केजरीवाल ने रखीं 4 मांगें, पाकिस्तान को भी हड़काया

Sun Jun 5 , 2022
नई दिल्ली। कश्मीर में कश्मीरी पंडितों को निशाना बनाकर की जा रहीं हत्याओं के मामलों में बढ़ोतरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर ‘जन आक्रोश रैली’ आयोजित कर भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि […]