चुनाव 2024 बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश राजनीति

कांग्रेस योजनाओं को बंद कर गरीबों से उनके अधिकार छीनती हैः शिवराज

– महावनमी पर शिवराजमय हुआ इछावर, मुख्यमंत्री ने चुनावी सभा को किया संबोधित

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि कांग्रेस (Congress) जनकल्याणकारी योजनाओं (Public welfare schemes closed) को बंद कर गरीबों से उनके अधिकार छीनती है। अपने स्वार्थों के लिए इंडी गठबंधन (Indie Coalition) बनाने वाले देश और प्रदेश का भला नहीं कर सकते। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के नेतृत्व में देश और प्रदेश आगे बढ़ रहा है। मेरे लिए बहनें जागृत माता हैं। मैं बेटियों की जिंदगी बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। करण सिंह वर्मा इछावर के विकास पुरूष हैं। असंभव शब्द मामा के शब्दकोष में नहीं है।


मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को सीहोर जिले के इछावर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी करण सिंह वर्मा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्रि में महानवमी के पावन पर्व होने के बाद भी इछावर में मुख्यमंत्री चौहान को सुनने के लिए हजारों की संख्या में माता-बहनों और आम जनता उमड़ पड़ी। त्योहार होने के बावजूद मुख्यमंत्री चौहान का स्थानीय लोगों ने पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत-सत्कार किया और उन्हें सुनने के लिए आतुर रहे। समारोह में मुख्यमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लाड़ली बहनें भी उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को महानवमी की शुभकामनाएं दी और माता रानी से सबके मंगल, कल्याण एवं सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि आज पूजा-पाठ वाले दिन भी मैं सभा कर रहा हूं, मैं भी जनता की पूजा कर रहा हूं।

कांग्रेस सत्ता में आई तो न लाड़ली लक्ष्मी योजना बचेगी न लाड़ली बहना योजना
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भी देश और प्रदेश का भला नहीं कर सकती है। कांग्रेस केवल योजनाएं बंद करने का पाप करती है। अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो ना लाड़ली योजना बचेगी और ना लाड़ी बहना योजना बचेगी। कांग्रेस गरीब कल्याण की योजनाएं पहले भी बंद कर चुकी है। जनता का भला करने का काम देश के प्रधानमंत्री मोदी कर रहें हैं और प्रदेश का भला केवल भाजपा सरकार कर रही है। कांग्रेस ने कभी एक धेला नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने इंडी गठबंधन बनाया है, आप, कांग्रेस, सपा सब इकट्ठा हो रहे हैं, सब मिलकर भी प्रधानमंत्री मोदी को नहीं हरा सकते, क्योंकि ये तो अपने-अपने स्वार्थों की वजह से इकट्ठा हो रहें हैं। ये कभी भी जनता का भला नहीं कर सकते हैं।

जागृत देवियां हैं लाड़ली बहनें
मुख्यमंत्री ने कहा कि, यहां जो मेरी लाड़ली बहनें बैठी हैं, वह मेरे लिए जीवित, जागृत देवियां हैं। बेटियों की जिंदगी बदलने में हमने कोई कसर नहीं छोड़ी। बेटियां लाड़ली लक्ष्मी हैं, उनकी चिंता माता-पिता नहीं, मामा ही करता है। उन्होंने कहा कि 21 साल की होने पर बेटियों को एक लाख रुपये दिया जाएगा। दूसरे गांव पढ़ने जाने पर बेटा-बेटियों को साइकिल के पैसे दिये जाते हैं। हमने तय किया आधी सीटों पर अब बहन और बेटियां चुनाव लड़ेंगी। बहनों की तकलीफ दूर करने के लिए एक ऐसी योजना बनाई जो दुनिया में कोई सोच भी नहीं सकता है।

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा को भारी बहुमत से जिताना है। भाजपा ही एक मात्र पार्टी है जो जनहित की कल्याणकारी योजनाएं चलाकर गरीबों का कल्याण करती है और हर क्षेत्र में विकास के कार्य करती है। भारत के प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश भी उनके मार्गदर्शन में विकास पथ पर अग्रसर है। विकास की इस गति को बनाएं रखना है और भाजपा को भारी बहुमत से जिताना है।

Share:

Next Post

मंगलवार का राशिफल

Tue Oct 24 , 2023
युगाब्ध-5125, विक्रम संवत 2080, राष्ट्रीय शक संवत-1945 सूर्योदय 06.14, सूर्यास्त 05.40, ऋतु – शरद आश्विन शुक्ल पक्ष दशमी, मंगलवार, 24 अक्टूबर 2023 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल। मेष राशि :- आज […]