बड़ी खबर

दिल्ली, मुंबई में बारिश का दौर जारी, गर्मी से मिली राहत, हिमाचल में बाढ़ और भूस्खलन से बढ़ी परेशानी

नई दिल्‍ली (New Delhi) । गर्मी से तपन झेल चुके भारत में बारिश (Rain) की धमाकेदार एंट्री हुई है। एक ओर जहां राजधानी दिल्ली (Delhi) और मुंबई (Mumbai) जैसे शहरों में बारिश राहत दे रही है। वहीं, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में जनता के लिए आफत लेकर आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने सोमवार को बताया है कि देश के पूर्व मध्य, उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत में अगले 4-5 दिनों तक सक्रिय मॉनसून की स्थिति बनी रहेगी। इधर, मॉनसून कुछ और राज्यों में भी दस्तक दे चुका है।

जमकर भीग रहे हैं ये राज्य
बीती रात से ही एनसीआर में बारिश का दौर जारी है। यहीं नजारा मुंबई में भी देखने को मिल रहा है। इनके अलावा तटीय कर्नाटक, कोंकण, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई है। साथ ही राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश के भी कई हिस्से मॉनसून की बारिश में भीग रहे हैं। बारिश ने बढ़ते तापमान को काबू करने में काफी मदद की है।

पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में बीते 24 घंटों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटों में हरियाणा के रोहतक, नारनौल, करनाल, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, अम्बाला, सिरसा और भिवानी में बारिश हुई। उधर पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, फरीदकोट, फिरोजपुर और पठानकोट में बारिश दर्ज की गई।


आगे कैसा रहेगा मौसम
IMD ने सोमवार को बताया था कि अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिम हिमालयी क्षेत्र और उत्तर पश्चिम के मैदानों में अगले 5 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होगी। साथ ही राजस्थान में 29 जून तक भारी बारिश के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश को मंगलवार को भी बरसात से राहत नहीं मिलेगी। उत्तराखंड में भी 27 जून को भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 3-4 दिनों तक बारिश होती रहेगी। एक ओर जहां देश के पूर्वी हिस्सों में 2 दिनों तक बारिश के आसार हैं। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में भी अगले 5 दिनों तक बादल बरसने की संभावनाएं हैं। मध्य महाराष्ट्र के घाटों, गुजरात, कोंकण और गोवा में 30 जून तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

यहां अलर्ट
मध्य प्रदेश के आठ जिलों में अगले 24 घंटों में भारी और बहुत भारी बारिश के अनुमान के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 22 जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही राजस्थान में भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मॉनसून के ताजा हाल
कहा जा रहा है कि देश के 80 फीसदी स्थानों पर मॉनसून की एंट्री हो चुकी है। IMD ने भी बताया कि दक्षिण पश्चिम मॉनसून गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम हिमालयी क्षेत्रों में के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है।

हिमाचल में आफत
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के औट में भीषण बारिश से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग अवरुद्ध होने से यहां सैकड़ों यात्री फंस गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 70 किलोमीटर लंबा मंडी-पंडोह-कुल्लू मार्ग बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। राज्य में भारी बारिश के कारण कुल 301 मार्ग बंद हैं जबकि बिजली के 140 ट्रांसफार्मर खराब हैं।

Share:

Next Post

Google ने Supreme Court से CII के निर्देशों को रद्द करने की अपील की, लगा था 1336 करोड़ का जुर्माना

Tue Jun 27 , 2023
नई दिल्ली। दिग्गज बहुराष्ट्रीय टेक कंपनी गूगल ने सुप्रीम कोर्ट से भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की ओर से कंपनी के खिलाफ दिए गए सभी निर्देशों को रद्द करने का अनुरोध किया है। सीसीआई ने गूगल को एंड्रॉयड बाजार में अपने दबदबे के दुरुपयोग का दोषी ठहराते हुए उसे 10 कड़े निर्देश दिए थे और 16.1 […]